कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले के बोचांहा प्रखंड में शनिवार देर रात अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया। वार्ड संख्या 15 के पार्षद के आवास को निशाना बनाते हुए मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में गनीमत यह रही कि कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
ताबड़तोड़ फायरिंग से थर्राया इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात तीन से चार मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आधा दर्जन अपराधी वार्ड पार्षद के घर पहुंचे। अपराधियों ने घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोलियां दरवाजे पर लगे पर्दे को चीरती हुई घर की दीवारों में जा धंसी। गोलीबारी की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास के लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी
घटना की सूचना मिलते ही बोचांहा थाना प्रभारी यशवंत कुमार मिश्रा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां से पांच खोखे बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हालांकि, फायरिंग के पीछे के सटीक कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो पाया है।
प्रेम प्रसंग या आपसी रंजिश?
स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। सूत्रों और चर्चाओं की मानें तो इस गोलीबारी के पीछे किसी महिला से जुड़ा विवाद (प्रेम प्रसंग) बताया जा रहा है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच केंद्रित कर रही है कि क्या यह हमला किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई व्यक्तिगत विवाद है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


