बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार की दर्दनाक मौत के एक महीने बाद एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट जारी की है. रिपोर्ट में हादसे क वजह के तौर पर कम दृश्यता (Low Visibility) और बारामती एयरस्ट्रिप पर सुरक्षा संबंधी खामियों को चिन्हित किया गया है.

एएआईबी के मुताबिक, इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान यह दुर्घटना हुई. हादसे में अजित पवार के साथ विमान के दोनों पायलट, उनका सुरक्षा गार्ड और फ्लाइट अटेंडेंट भी मारे गए. यह दुर्घटना तब हुई जब चार्टर्ड प्लेन बारामती एयरपोर्ट पर दूसरी बार इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश कर रहा था. जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि दुर्घटना के समय हवा की स्थिति सामान्य थी और दृश्यता करीब 3 किलोमीटर दर्ज की गई.

दुर्घटना से ठीक पहले कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) में ‘ओह शिट… ओह शिट’ कहते पायलट की आवाज रिकॉर्ड हुई. हालांकि CVR आग में जलने के कारण डैमेज हुआ है और उससे डेटा निकालने के लिए मैन्युफैक्चरर हनीवेल (Honeywell) से तकनीकी सहायता ली जा रही है. जांच में अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी लिया जा रहा है. नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गेनाइजेशन (ICAO) के एनेक्स-13 के तहत एक मान्यता प्राप्त प्रतिनिधि और तकनीकी सलाहकार नियुक्त किए हैं.

सॉलिड स्टेट फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (SSFDR) का डेटा डाउनलोड कर उसका विश्लेषण किया जा रहा है, जबकि सॉलिड स्टेट कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (SSCVR) का डेटा नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड की मदद से निकाला जाएगा. AAIB ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान को ऑपरेट करने वाली कंपनी वीएसआर वेंचर्स के कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों के शुरुआती बयान दर्ज कर लिए गए हैं. साथ ही अन्य हितधारकों से जुड़े दस्तावेजों और सबूतों की भी जांच की जा रही है.

मलबे को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर विस्तृत परीक्षण के लिए रखा गया है. विमान की एयरवर्थिनेस, संचालन और उड़ान सुरक्षा से जुड़े दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं. अपनी सिफारिशों में एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से कहा है कि ऐसे हवाई अड्डों पर लैंडिंग सहायता उपकरण और बुनियादी मौसम (MET) सुविधाओं को मजबूत किया जाए, जहां बड़ी संख्या में निजी, चार्टर्ड और वीआईपी उड़ानें संचालित होती हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m