ईरान के सुप्रीम लीडर सैय्यद अयातुल्ला अली खामेनेई की रविवार को मौत की पुष्टि होने के बाद पूरे मिडिल-ईस्ट में बड़ी जंग छिड़ गई है। ईरानी मिसाइलों ने अब मिडिल-ईस्ट में अमेरिकी सैन्य बेस पर और अधिक शक्तिशाली हमले करने शुरू कर दिए हैं। हालांकि खामेनेई की शनिवार के हमले में ही मौत हो गई थी, जिसकी पुष्टि आज ईरान की सरकारी मीडिया ने की। ईरान ने दुबई एयरपोर्ट, बुर्ज खलीफा और बहरीन, कुवैत में अमेरिकी सैन्य बेस को रविवार को दोबारा निशाना बनाया। इधर आबूधाबी का इंटरनेशनल एयरपोर्ट सोमवार तक के लिए हमले के बाद बंद कर दिया गया है। इजरायल और अमेरिका से ईरान की भीषण जंग छिड़ गई है।

ईरान पर इजरायल का ताजा हमले के बाद नेतन्याहू का बयान

नेतन्याहू ने कहा कि आने वाले दिनों में हम आतंकवादी शासन के हजारों लक्ष्यों पर हमला करेंगे। हम बहादुर ईरानी लोगों के लिए ऐसी परिस्थितियां बनाएंगे कि वे अत्याचार की जंजीरों से खुद को मुक्त कर सकें। इसी कारण मैं आपसे एक बार फिर संबोधित करता हूं कि, “हे ईरान के नागरिकों, इस अवसर को हाथ से जाने न दें। यह एक ऐसा अवसर है जो हर पीढ़ी में सिर्फ एक बार आता है। खाली मत बैठिए, क्योंकि आपका पल जल्द ही आएगा। वह पल जब आपको सड़कों पर उतरना होगा, लाखों की संख्या में सड़कों पर आना होगा।

ताकि काम पूरा हो, आतंक के उस शासन को उखाड़ फेंका जाए. जिसने आपकी जिंदगियां कड़वी कर दी हैं। आपके दुख और बलिदान व्यर्थ नहीं जाएंगे। जिस मदद की आप लंबे समय से तलबगार थे, वह अब आ पहुंची है। मदद आ गई है, और अब इतिहासिक मिशन के लिए एकजुट होने का समय आ गया है। हे ईरान के नागरिकों फारसी, कुर्द, अजरबैजानी, अहवाज़ी, और बलूची अब समय है कि अपनी ताकतों को एकजुट करें, शासन को उखाड़ फेंकें और अपना भविष्य सुरक्षित करें।

ट्रंप की ईरान को चेतावनी के बाद तेहरान पर हमले शुरू

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कुछ देर पहले ईरानी हमलों को देखते हुए दोबारा चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि इस बार अब ईरान पर ऐसा हमला करेंगे कि जिसे पहले कभी देखा नहीं गया होगा। इसके बाद अब अमेरिका ने ईरान पर फिर से बड़ा हमला करना शुरू कर दिया है। तेहरान में कई जगह धमाके सुने गए हैं। अमेरिका ने इस हमले में ईरान के मिलिट्री चीफ मुसावी को मार गिराया है।

वहीं दूसरी तरफ ईरान लगातार इजरायल समेत पूरे मिडिल-ईस्ट में अमेरिकी बेस पर हमले कर रहा है। दूसरी तरफ ईरान से बगदाद तक लोग खामेनेई की मौत का मातम मनाने सड़कों पर उतर आए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m