सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले में होली पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में शहर के होटलों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान छतौनी थाना क्षेत्र स्थित सिमरन होटल में शराब पार्टी करते हुए होटल मालिक समेत पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार एएसपी हेमंत सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमरन होटल में कुछ लोग बैठकर शराब पार्टी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एएसपी हेमंत सिंह, प्रभारी सदर एसडीओ अरुण कुमार तथा डीएसपी दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम जब होटल के कमरा नंबर 301 में पहुंची तो वहां शराब पार्टी की तैयारी के संकेत मिले। कमरे में टेबल पर खाने-पीने का सामान सजा हुआ था, जिसमें अंडा, मीट और चावल परोसा गया था तथा तीन ग्लास भी रखे हुए थे।

इसके बाद पुलिस द्वारा होटल के अन्य कमरों की भी सघन तलाशी ली गई, हालांकि दूसरे कमरों से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। कमरे में मौजूद पांच लोगों को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। साथ ही सभी लोगों की शराब सेवन की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच कराई जा रही है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी भी बरामद की है। पुलिस सभी हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के मोबाइल फोन समेत अन्य सामान की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इस मामले का संबंध किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं है।

प्रभारी सदर एसडीओ अरुण कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वहीं एएसपी हेमंत सिंह ने कहा कि होली पर्व को लेकर शहर में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिमरन होटल में शराब पार्टी की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

ये भी पढ़ें- जमुई में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी, गोली लगने से चार लोग घायल, एक की हालत गंभीर