वीरेन्द्र गहवई, बिलासपुर. शहर सहित जिलेभर में सोमवार देर रात शुभ मुहूर्त पर पारंपरिक विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया गया. मोहल्लों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की. पंडितों के अनुसार भद्राकाल की वजह से देर रात का मुहूर्त अत्यंत शुभ माना गया, इसलिए बड़ी संख्या में लोगों ने इसी समय होलिका दहन किया.

होलिका दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया. प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.

बुधवार को मनाई जाएगी होली

चंद्र ग्रहण के कारण इस वर्ष रंगों की होली बुधवार को मनाई जाएगी. ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक ग्रहण काल में रंग खेलने की परंपरा नहीं है, इसलिए धर्मशास्त्रों के अनुसार ग्रहण समाप्ति और शुद्धि के बाद ही होली खेलना शुभ माना जाता है. ग्रहण के चलते मंगलवार को मंदिरों के कपाट भी निर्धारित समय तक बंद रहेंगे. ग्रहण समाप्ति के बाद स्नान-दान और पूजन का विशेष महत्व बताया गया है.

होली पर्व को लेकर लोगों में उत्साह

बुधवार को रंगों का पर्व धूमधाम से मनाए जाने की तैयारी है. बाजारों में रंग-गुलाल, पिचकारी और मिठाइयों की खरीदारी तेज रही. लोगों में होली को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि होली आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.