सोहराब आलम/मोतिहारी। रंगों के त्योहार होली में शांति व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंगियों पर लगाम कसने के लिए मोतिहारी पुलिस ने कमर कस ली है। जिले में अवैध शराब की बिक्री और सेवन को रोकने के लिए पुलिस अब आधुनिक और सख्त रुख अपना रही है। इसी कड़ी में, शहर की तंग गलियों से लेकर मुख्य बाजारों तक जर्मन शेफर्ड नस्ल के विशेष नारकोटिक्स डॉग्स के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
मैदान में उतरे आला अधिकारी
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और इस अभियान को लीड करने के लिए खुद सदर डीएसपी दिलीप कुमार और महिला डीएसपी कुमारी प्रियंका नगर थाने की टीम के साथ सड़कों पर उतरे। पुलिस बल ने शहर के कोने-कोने में फ्लैग मार्च किया और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस की पैनी नजर उन इलाकों पर रही जहां शराब के भंडारण या गुप्त बिक्री की सूचना मिलने की संभावना थी।
नारकोटिक्स डॉग से मचेगा हड़कंप
सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि होली के मद्देनजर शराब के खिलाफ यह विशेष अभियान शुरू किया गया है, जो लगातार जारी रहेगा। इस बार अभियान की खास बात ट्रेंड नारकोटिक्स डॉग्स का शामिल होना है। ये श्वान न केवल शराब बल्कि जमीन के नीचे या गुप्त स्थानों पर छिपाकर रखे गए गांजा, अफीम जैसे सूखे नशे को भी पल भर में सूंघकर पकड़ने में सक्षम हैं। इससे पुलिस को छापेमारी में काफी सहूलियत मिल रही है।
हुड़दंगियों को सख्त चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि होली के दौरान शराब पीकर हंगामा करने वालों या अवैध रूप से नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। डीएसपी ने जनता से भी अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

