इटावा। होली के अवसर पर सैफई स्थित सपा कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सपा मुखिया अखिलेश यादव, उनके चाचा शिवपाल यादव और पत्नी डिंपल यादव शामिल हुई। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने फूलों वाली होली खोली।

सपा कभी युद्ध के पक्ष में नहीं

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि हमने और आपने धरती पर कहीं नहीं देखा होगा जैसा रंगों का त्योहार भारत में मनाया जाता है। ये भारत का त्योहार हमें एक करता है और ये त्योहार हमें यही संदेश देता है हम सब लोग बहुरंगी रहें। हम आज कहना चाहते हैं कि समाजवादी पार्टी और समाजवादी विचारधारा कभी भी युद्ध के पक्ष में नहीं रही है। कहीं भी युद्ध हो, हम उसके खिलाफ हैं, युद्ध नहीं होना चाहिए।

READ MORE: गोरखपुर में भगवान नरसिंह की शोभायात्रा, सीएम योगी हुए शामिल, RSS को बताया दुनिया का सबसे बड़ा कल्चरल ऑर्गेनाइजेशन

वहीं शिवपाल यादव ने कहा कि होली का यह त्योहार हमें एकता और भाईचारे का संदेश देता है। यह दिन हमें रंगों के माध्यम से खुशी और सामूहिकता का अहसास कराता है। डिंपल यादव ने सपा कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।