पटना। राजधानी में होली की शाम एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। अगमकुआं थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी मोहल्ले में एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खेल रही चार वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
खेलते समय काल बनी तेज रफ्तार कार
मृतक बच्ची की पहचान गुलजान परवीन के रूप में हुई है। उसके पिता, मोहम्मद फैयाज हसन, मूल रूप से मधेपुरा के रहने वाले हैं और पटना में मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। होली के दिन गुलजान घर के बाहर खेल रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम ने वहीं दम तोड़ दिया।
भीड़ का फूटा गुस्सा, वाहन में तोड़फोड़
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने भागने की कोशिश कर रही कार को घेर लिया। कार में सवार एक व्यक्ति, जिसकी पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, उसे पकड़कर लोगों ने जमकर पीटा। भीड़ ने वाहन में भी काफी तोड़फोड़ की। हालांकि, चालक सूरज कुमार मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही अगमकुआं और जीरो माइल ट्रैफिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से घायल मुकेश को छुड़ाकर नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैफिक थाना प्रभारी नीरज कुमार झा ने बताया कि फरार चालक सूरज की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

