किशनगंज। जिले में एक बार फिर रफ्तार का जुनून दो परिवारों के लिए मातम लेकर आया। बहादुरगंज-ठाकुरगंज मुख्य मार्ग (NH 327E) पर खैखाट चौक के समीप शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो युवकों की जान चली गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

​कैसे हुआ हादसा?

​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब शादाब आलम (30 वर्ष) इफ्तारी के बाद अपने घर ताराबारी से लोहागाड़ा की ओर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान ठाकुरगंज की दिशा से विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) में आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शादाब आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास ही खड़े राहगीर शाह आलम (26 वर्ष) इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना अध्यक्ष संदीप कुमार, पौआखाली थाना अध्यक्ष अंकित कुमार सिंह और एसडीपीओ (SDPO) गौतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक दोनों को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

​परिजनों में कोहराम

​घायल युवक नजीर अहमद की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से ही मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों के पालन की अपील की है।