Rajasthan News: राजस्थान में इस बार मार्च के महीने ने ही गर्मी के सारे रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी कर ली है। प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में चिलचिलाती धूप ने अभी से ही आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, जिससे जनजीवन पर सीधा असर पड़ा है।

बता दें कि प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। सबसे ज्यादा बुरा हाल बाड़मेर का है, जहां अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह आंकड़ा 40 डिग्री के बेहद करीब है, जो सामान्य दिनों में मई-जून में देखने को मिलता है। वहीं, जैसलमेर में भी पारा 39.3 डिग्री तक पहुंच गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अरब सागर में बने एंटी साइक्लोन सिस्टम का लंबे समय तक सक्रिय रहना इस भीषण गर्मी की मुख्य वजह है। इसके प्रभाव से राजस्थान के अलावा गुजरात, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी समय से पहले गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।
बता दें कि मौसम केंद्र जयपुर ने आने वाले 10 और 11 मार्च के लिए खास अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में लू (Heat Wave) चलने की पूरी संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
राजधानी जयपुर की बात करें तो यहां भी गर्मी अपने पूरे तेवर में है। शहर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा पिलानी, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, फलौदी, बीकानेर, श्रीगंगानगर और पाली में भी पारा 38 डिग्री के पार पहुंच गया है। मैदानी स्तर पर स्थिति यह है कि अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 4 से 9 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा चल रहा है।
हालांकि, तपती दोपहर के बीच थोड़ी राहत की उम्मीद भी है। मौसम विभाग का कहना है कि 11-12 मार्च के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। अगर ऐसा हुआ तो प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। उम्मीद जताई जा रही है कि बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को इस झुलसाने वाली गर्मी से कुछ दिनों के लिए राहत मिल सकेगी।
फिलहाल तो मार्च की शुरुआत में ही मई जैसी तपिश ने किसानों से लेकर आम शहरियों तक की चिंताएं बढ़ा दी हैं। अब देखना यह होगा कि आने वाला बदलाव वाकई गर्मी से निजात दिलाता है या फिर यह सिर्फ एक छोटा सा ब्रेक साबित होगा।
पढ़ें ये खबरें
- ओडिशा में तंबाकू बैन पर हाईकोर्ट की रोक, चबाने वाले तंबाकू के नोटिफिकेशन पर स्टे
- 173 वर्ष पुराने हावड़ा रेलवे स्टेशन का होगा अपग्रेडेशन, 2030 तक ट्रेन संचालन क्षमता दोगुनी करने का लक्ष्य ; रेल मंत्रालय का फैसला
- सिंगरौली में वन विभाग का एक्शन: करथुआ में मोर का अवैध शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार
- CM योगी के विमान बेड़े में शामिल हुआ अगस्ता AW139 हेलिकॉप्टर, जानिए कितना सुरक्षित है ये विमान
- सासाराम के लाल विकेश ने फहराया NDA में परचम, रेलवे स्टेशन पर हुआ जोरदार स्वागत
