अररिया। जिले में महलगांव थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय अमर कुमार के रूप में हुई है, जो दियारी मजगामा गांव का रहने वाला था। इस घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

​दोस्त की बहन की शादी में गया था अमर

​परिजनों के मुताबिक, अमर 8 मार्च को अपने दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने मधेली गांव गया था। उत्सव के माहौल के बीच अगले दिन यानी 9 मार्च को वह संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे लहूलुहान हालत में मिला। घटना का खुलासा तब हुआ जब अमर की बहन ने उसके मोबाइल पर फोन किया। फोन किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठाया और बताया कि युवक सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल पड़ा है।

​इलाज के दौरान तोड़ा दम

​परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और अमर को आनन-फानन में अररिया सदर अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया। पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए मंगलवार को अमर ने दम तोड़ दिया।

​प्रेम प्रसंग या रंजिश? मारपीट का आरोप

​मृतक के चाचा श्रवण लाल महलदार ने आरोप लगाया है कि अमर की हत्या सोची-समझी साजिश के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि अमर एक लड़की से बात कर रहा था, जिसे देख तीन युवकों ने पहले लड़की को वहां से भगाया और फिर अमर पर टूट पड़े। शरीर पर मौजूद चोट के निशान और घटनास्थल पर बिखरी मिट्टी गवाही दे रही थी कि वहां काफी संघर्ष हुआ था। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।