Rajasthan News: इजरायल-ईरान युद्ध की आग अब राजस्थान की रसोई तक पहुंच गई है। मिडिल ईस्ट से होने वाली गैस सप्लाई प्रभावित होने के कारण प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत पैदा हो गई है। हालात यह हैं कि रोजाना होने वाली 4 लाख सिलेंडरों की सप्लाई घटकर महज 2 लाख रह गई है। इस कमी ने जनता में ‘पैनिक’ पैदा कर दिया है, जिससे बुकिंग का आंकड़ा सामान्य से दोगुना हो गया है।

IOCL का सर्वर ठप, एजेंसियों पर ताले लटकने की नौबत
किल्लत के बीच कोढ़ में खाज का काम किया है आईओसीएल (IOCL) के सर्वर ने। पिछले दो दिनों से सर्वर ठप होने के कारण ऑनलाइन बुकिंग ठप है। जयपुर सहित प्रदेशभर की एजेंसियों पर हजारों उपभोक्ताओं की बुकिंग पेंडिंग है। गुस्से से भरे ग्राहकों के डर से कई एजेंसी संचालकों ने दिन में ही अपने ऑफिस बंद कर दिए हैं।
युद्ध और छुट्टियों ने बिगाड़ा गणित
- युद्ध का असर: भारत को होने वाली कुल गैस सप्लाई का 70% हिस्सा मिडिल ईस्ट से आता है, जो युद्ध के कारण बाधित हुआ है।
- लगातार छुट्टियां: होली और वीकेंड की छुट्टियों के कारण फिलिंग प्लांट बंद रहे, जिससे बैकलाग बढ़ गया।
- महंगाई का डर: सिलेंडर के दाम में 60 रुपए की बढ़ोतरी और किल्लत की आशंका ने लोगों को एडवांस बुकिंग के लिए मजबूर कर दिया।
डिलीवरी बॉयज के साथ मारपीट और छीना-झपटी
मैदानी हालात इतने खराब हो गए हैं कि कई जगहों पर उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों के बीच धक्का-मुक्की की खबरें आ रही हैं। राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष दीपक सिंह गहलोत ने बताया कि डिलीवरी बॉयज से जबरन सिलेंडर छीनने की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए उपभोक्ताओं से संयम बरतने की अपील की है।
होटल और फैक्ट्रियों में चूल्हा बुझने की कगार पर
कमर्शियल गैस की सप्लाई लगभग बंद हो चुकी है। जयपुर के होटल एसोसिएशन के मुताबिक, अब पर्यटकों से कहा जा रहा है कि वे रहने की बुकिंग तो कर सकते हैं, लेकिन खाने की व्यवस्था खुद देखनी होगी। फैक्ट्रियों में भी गैस संकट के कारण उत्पादन ठप होने का खतरा मंडरा रहा है।
कंपनियों ने बनाई मॉनिटरिंग कमेटी
स्थिति को संभालने के लिए IOCL, BPCL और HPCL ने एक संयुक्त मॉनिटरिंग कमेटी बनाई है। यह कमेटी उपलब्ध स्टॉक और बढ़ती डिमांड के बीच समन्वय बनाने की कोशिश कर रही है ताकि कम से कम जरूरी सप्लाई सुनिश्चित की जा सके।
पढ़ें ये खबरें
- CSK vs MI IPL 2026: मुंबई ने चेन्नई को दिया 160 रन का लक्ष्य, नमन धीर ने जड़ा अर्धशतक, अंशुल कंबोज ने झटके 3 विकेट
- छत्तीसगढ़ के 132 केंद्रों पर हुई छात्रवृत्ति परीक्षा, 28,570 परीक्षार्थियों ने लिया हिस्सा
- बढ़ेगा आंगनबाड़ी कर्मियों का मानदेय? सीएम धामी ने प्रतिनिधिमंडल को किया आश्वस्त
- तूफानी हवाओं कहर: पानी की टंकी गिरने से मजदूर की मौत, ठेकेदार फरार
- कलायत में बड़ा राजनीतिक उलटफेर: अनीता ढुल ने थामा BJP का दामन, बोलीं- ‘विकास के लिए लिया फैसला’
