Kishangarh Gas Truck Accident: अजमेर के किशनगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। पुराना टोल के पास चिड़िया बावड़ी इलाके में गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त ट्रक का टायर फटने के बाद चालक ने हिम्मत नहीं हारी, वरना बड़ा धमाका हो सकता था।

कैसे हुआ यह हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, गैस सिलेंडरों से भरा यह ट्रक बरना गांव से लोडिंग के बाद किशनगढ़ स्थित गैस एजेंसी की तरफ जा रहा था। तभी पुराना टोल के पास चिड़िया बावड़ी के समीप अचानक तेज धमाके के साथ गाड़ी का टायर फट गया। टायर फटने से ट्रक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क किनारे जाकर पलट गई।
145 सिलेंडरों का था जखीरा
हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक में लदे करीब 145 गैस सिलेंडर सड़क पर इधर-उधर बिखर गए। हाईवे से गुजरने वाले अन्य वाहन चालक सहम गए कि कहीं कोई बड़ा धमाका न हो जाए। वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात ये रही कि किसी भी सिलेंडर से गैस का रिसाव नहीं हुआ और कोई जनहानि भी नहीं हुई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही मदनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ASI खेमाराम ने बताया कि जैसे ही कंट्रोल रूम से खबर मिली, पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया गया। सिलेंडरों को सुरक्षित साइड में हटवाया गया। हाईवे पर लगे जाम को कुछ ही देर में खुलवा दिया गया।
बड़ा हादसा टला, लेकिन सवाल वही
दरअसल, हाईवे पर ऐसी लापरवाही या तकनीकी खामी से बड़ा खतरा हो सकता था। गनीमत रही कि मदनगंज थाना पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाई, जिससे यातायात सुचारू हो सका। फिलहाल, पुलिस ने स्थिति का जायजा ले लिया है और सड़क को पूरी तरह से आवागमन के लिए सुरक्षित कर दिया है।
पढ़ें ये खबरें
- महुआ मोइत्रा केस में सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया नोटिस, CBI और BJP सांसद निशिकांत दुबे को भी भेजे गए
- जंग के बीच भारत के लिए अच्छी खबर: होर्मुज की तमाम बाधाओं को पार कर कर्नाटक पहुंचा Cheng X, 10 दिन पहले UAE से निकला था
- पन्ना टाइगर रिजर्व में मौत की रफ्तार! पलक झपकते ही बाघ ने किया नन्हे हिरण का शिकार, कैमरे में कैद हुआ सांसे थमा देने वाला मंजर
- आरा मशीन में आया युवक का हाथ, ‘फ्लो- थ्रू वीनस फ्लैप सर्जरी’ से कटने से बचा हाथ
- सहरसा में बेखौफ अपराधियों ने थार गाड़ी पर बरसाईं दर्जन भर गोलियां, युवक की ली जान
