भागलपुर। जिले में रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। शुक्रवार को हबीबपुर थाना क्षेत्र के डॉट बाउट चौक के पास एक बालू लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 37 वर्षीय महिला को न केवल रौंदा, बल्कि करीब 20 फीट तक सड़क पर घसीटता चला गया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रैक्टर की भयावह रफ्तार साफ देखी जा सकती है।

​ग्रुप लोन जमा करने जा रही थी महिलाएं

​जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान उपेंद्र चौरसिया की पत्नी शोभा देवी के रूप में हुई है। वह गांव की पांच अन्य महिलाओं के साथ समूह (ग्रुप लोन) का पैसा जमा करने जा रही थीं। सड़क पार करने के दौरान भारी वाहन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि अन्य महिलाएं बाल-बाल बच गईं, लेकिन शोभा देवी ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

​आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

​घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने अमरपुर-भागलपुर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और करीब दो घंटे तक पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि शहर में ‘नो-एंट्री’ लागू होने के बावजूद ओवरलोडेड बालू के ट्रैक्टर बेखौफ कैसे दौड़ रहे हैं? ग्रामीणों ने इसे पुलिस की बड़ी लापरवाही करार देते हुए पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे और दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

​पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन

​हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सीसीटीवी के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।