IPL 2026 Farewell Season: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च को होने जा रही है. पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना है. ये सीजन 5 खिलाड़ियों के लिए फेयरवेल सीजन साबित हो सकता है.

IPL 2026 Farewell Season: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन यानी आईपीएल 2026 के आगाज में अब सिर्फ 11 दिन बचे हैं. 28 मार्च से शुरू होने वाले नए सीजन में जहां कई नए खिलाड़ी मिल सकते हैं, वहीं 5 ऐसे दिग्गज हैं, जो अपने आखिरी सीजन खेल सकते हैं. यह सीजन आईपीएल इतिहास के 5 सफल खिलाड़ियों के करियर का आखिरी सीजन साबित हो सकता है. इस लिस्ट में 3 भारतीय जबकि 2 विदेशी मैच विनर्स के नाम हैं. बढ़ती उम्र, फिटनेस और टीम के बदलते समीकरणों के बीच महेंद्र सिंह धोनी, ईशांत शर्मा, सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे और मिचेल स्टार्क जैसे दिग्गजों का सफर इस साल के बाद थम सकता है.

ये आईपीएल इतिहास के 5 बूढ़े शेर हैं, जिन्होंने पिछले कई सालों से अपनी-अपनी टीमों के लिए मैच जिताने में खास योगदान दिया है. 44 की उम्र में भी जोश से भरे धोनी हों या कोलकाता के भरोसेमंद सुनील नरेन, इन सितारों के लिए 2026 का यह सीजन एक भावनात्मक सफर हो सकता है. आइए जानते हैं इन दिग्गजों का करियर कैसा रहा और यह खिलाड़ी कैसे खास रहे.

1 – एमएस धोनी

44 साल के हो चुके धोनी किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. चेन्नई को 5 बार चैंपियन बनाने वाले धोनी 44 साल में भी गजब की फुर्ती रखते हैं. उनके पास मैच जिताने की जबरदस्त क्षमता रही है. वो आज भी मैच फिनिश करने में माहिर हैं, लेकिन घुटने की समस्या और बढ़ती उम्र को देखते हुए माना जा रहा है कि 2026 उनका ‘फेयरवेल सीजन’ होगा. फैंस शायद उन्हें आखिरी दफा येलो जर्सी में देखें. चेन्नई की टीम अपने इस दिग्गज को खिताब के साथ विदा करना चाहेगी. उनके नाम 278 मैचों में 5280 रन दर्ज हैं.

2 – ईशांत शर्मा

दाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज पिछले कई सालों से आईपीएल में चमक बिखेरता आ रहा है. 37 साल के हो चुके ईशांत का आईपीएल करियर अब आखिरी पड़ाव पर है. वो पिछले कई सालों से टीम इंडिया से भी बाहर हैं. युवा तेज गेंदबाजों की भारी फौज और फिटनेस की बढ़ती चुनौतियों के बीच ईशांत के लिए यह सीजन आखिरी साबित हो सकता है. वो अपने आखिरी सीजन को यादगार बनाने की पूरी कोशिश करेंगे. उनके नाम 117 मैचों में 97 विकेट दर्ज हैं.

3 – सुनील नरेन

केकेआर के सबसे भरोसेमंद इस स्पिनर ने डेढ़ दशक से इस लीग में अपनी चमक बिखेरी है. उनकी मिस्ट्री स्पिन को आज भी बल्लेबाज समझ नहीं पाए हैं. यही वजह है कि बड़े से बड़े बैटर उनकी बॉलिंग को सम्मान देते हैं. सुनील नरेन ने अपनी जादुई गेंदबाजी और विस्फोटक ओपनिंग से इस लीग को कई ऐतिहासिक पल दिए हैं. मई 2026 में वो 38 साल के हो जाएंगे. यह सीजन उनके लिए कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर आखिरी सलाम करने का सही समय हो सकता है. इस खिलाड़ी ने अपने करियर में आईपीएल के 188 मैचों में 1780 रन बनाए, जबकि 192 विकेट भी लिए.

4 – अजिंक्य रहाणे

आईपीएल 2026 में केकेआर के लिए खेलने वाले अजिंक्य रहाणे का करियर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है, लेकिन उनके अनुभव की कीमत आज भी उतनी ही है. रहाणे इस लीग के सबसे सफल बैटर्स में शुमार हैं. यह सीजन उनके करियर का आखिरी सीजन साबित हो सकता है. उनके पास बल्लेबाजी कौशल को साबित करने का अंतिम मौका होगा. रहाणे की उम्र 37 साल हो चुकी है. अपने आईपीएल करियर में उन्होंने 198 मैच खेलकर 5077 रन बनाए.

5 – मिचेल स्टार्क

दुनिया के सबसे घातक बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में से एक मिचेल स्टार्क अब अपने वर्कलोड को कम करने पर विचार कर रहे हैं. वो टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं. अब 36 साल के इस खिलाड़ी के लिए आईपीएल 2026 आखिरी सीजन हो सकता है. स्टार्क अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट और वनडे) पर अधिक ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं. इसलिए वो आईपीएल के बिजी शेड्यूल से दूरी बना सकते हैं. यह खिलाड़ी दिल्ली कैपिटल्स के लिए जलवा दिखाने वाला है. उनके पास तेज गति और सटीक यॉर्कर डालने की जबरदस्त क्षमता है. स्टार्क ने आईपीएल में 51 मैच खेलकर 65 विकेट चटकाए हैं.

    Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
    https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H