अजय शास्त्री/बेगूसराय। बिहार में पूर्ण नशाबंदी लागू है, लेकिन बेगूसराय से सामने आए एक ताजा वीडियो ने सरकारी दावों की पोल खोलकर रख दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में खाकी वर्दी पहने एक चौकीदार सरेआम गांजे के कश लगाता नजर आ रहा है। यह मामला बखरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

​चाय की दुकान पर नशे का खेल

​जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स की पहचान चौकीदार नंदकिशोर पासवान के रूप में हुई है। वह एक चाय की दुकान पर कुछ स्थानीय लोगों के साथ बैठा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वर्दी की मर्यादा को ताक पर रखकर चौकीदार बेफिक्र होकर गांजा पी रहा है और नशे की हालत में झूम रहा है। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने चुपके से यह दृश्य कैमरे में कैद कर लिया।

​सेटलमेंट की कोशिश और उठते सवाल

​वीडियो में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है, जहां पास खड़ा एक युवक मामले को ‘सेटल’ करने की बात कह रहा है। यह घटना न केवल व्यक्तिगत अनुशासनहीनता है, बल्कि बिहार के नशाबंदी कानून पर भी एक बड़ा प्रहार है। एक तरफ सरकार नशा मुक्त समाज का नारा दे रही है, वहीं दूसरी तरफ धरातल पर जिम्मेदार कर्मी ही नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।

​जांच के घेरे में चौकीदार

​वीडियो के सोशल मीडिया पर आग की तरह फैलने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सत्यता जांची जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि वर्दी को दागदार करने वाले इस कर्मी पर क्या एक्शन होता है।