पटना। राजधानी के चांदपुर बेला में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत और कथित कालाबाजारी ने हिंसक रूप ले लिया है। पाटलीग्राम गैस एजेंसी के बाहर घंटों इंतजार करने के बाद जब सब्र का बांध टूटा, तो स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल काटा।

​सुबह 3 बजे से कतार, फिर भी खाली हाथ

​पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र में गैस की भारी किल्लत के बीच सैकड़ों ग्राहक तड़के 3 बजे से ही लाइन में लग गए थे। घंटों बीत जाने के बाद भी जब गैस से भरा ट्रक नहीं पहुंचा, तो ग्राहकों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ही खाली सिलेंडर रखकर यातायात बाधित कर दिया और टायर जलाकर आगजनी की।

​कालाबाजारी के गंभीर आरोप

​सड़क पर उतरे लोगों का सीधा आरोप है कि गैस एजेंसी के संचालक ट्रक को कहीं और खड़ा कर सिलेंडर ब्लैक में बेच रहे हैं। ग्राहकों का कहना है कि उनके पास वैध बुकिंग नंबर होने के बावजूद उन्हें स्टॉक खत्म होने की बात कही जा रही है, जबकि बैकडोर से सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं।

​बिना चूल्हे के गुजर रहे दिन

​प्रदर्शन में शामिल अनीता देवी जैसी कई महिलाओं ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उनके घर में पिछले 10 दिनों से गैस खत्म है। उन्होंने बताया, मकान मालिक लकड़ी या उपले जलाने नहीं देते और एजेंसी वाले गलत रिकॉर्ड दिखाकर कह रहे हैं कि हमें सिलेंडर मिल चुका है।

​पुलिस की मौजूदगी में तनाव

​हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालांकि, गैस एजेंसी प्रबंधन अब होम डिलीवरी का आश्वासन दे रहा है, लेकिन आक्रोशित जनता इस पर भरोसा करने को तैयार नहीं है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।