मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत असिया गांव में मंगलवार देर रात भारी बवाल हो गया। पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में गोली लगने से 60 वर्षीय बुजुर्ग जगतवीर राय की मौत हो गई, जबकि गायघाट थानेदार समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं।
छापेमारी के दौरान भड़की हिंसा
जानकारी के अनुसार, गांव में कुछ समय पहले एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। कोर्ट के आदेश पर पुलिस की टीम देर रात आरोपी की तलाश में दबिश देने पहुंची थी। पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तारी की कोशिश करते ही ग्रामीण उग्र हो गए और टीम को घेर लिया। विवाद इतना बढ़ा कि ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिस को भी हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इसी दौरान बुजुर्ग जगतवीर राय को गोली लग गई, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई।
पुलिस ने सीने में मारी गोली
दूसरी ओर, मृतक के बेटे अजय ने पुलिस के दावों को सिरे से खारिज किया है। अजय का कहना है कि पुलिस बिना वारंट उनके घर के पिछले दरवाजे से घुसी और उसके साथ मारपीट की। शोर मचने पर जब ग्रामीण जुटे, तो पुलिस ने फायरिंग की। अजय के मुताबिक, मेरे पिता घर से बाहर निकले और फायरिंग का कारण पूछा, तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें सीधे सीने में गोली मार दी। परिजनों का दावा है कि उनके घर का कोई भी सदस्य किसी केस में नामजद नहीं था।
भारी तनाव, छावनी में तब्दील हुआ गांव
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उग्र भीड़ ने पुलिस की दो गाड़ियों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रूरल एसपी और डीएसपी ईस्ट भारी पुलिस बल के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं। फिलहाल पूरे इलाके में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और हमला करने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

