पटना। बिहार की सियासत में इफ्तार पार्टियों का दौर जारी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार शाम पटना के 1 अणे मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर एक भव्य इफ्तार पार्टी की मेजबानी करेंगे। इस आयोजन में सत्ता पक्ष के दिग्गजों के साथ-साथ बड़ी संख्या में रोजेदारों के जुटने की उम्मीद है।

​दिग्गज नेताओं का लगेगा जमावड़ा

​आज शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इनके अलावा मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, विधान पार्षद और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता इस शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ से लौटने के तुरंत बाद मेहमानों की मेजबानी के लिए उपस्थित होंगे।

​चर्चा में रहे नीतीश कुमार के बेटे निशांत

​इस इफ्तार में सीएम के बेटे निशांत कुमार की मौजूदगी पर सबकी निगाहें टिकी हैं। इससे पहले मंगलवार को हज भवन में मंत्री जमा खान द्वारा आयोजित इफ्तार में निशांत का एक अलग अंदाज देखने को मिला था। वहां लोगों ने उन्हें मुस्लिम टोपी पहनाई, जिसके बाद समर्थकों ने बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो के नारे भी लगाए। निशांत ने वहां भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन और संजय सरावगी से भी गर्मजोशी से मुलाकात की थी।

​नीतीश का टोपी वाला सियासी संकेत

​हज भवन के कार्यक्रम में नीतीश कुमार की एक क्रिया ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है। आमतौर पर इफ्तार में टोपी पहनने का रिवाज है, लेकिन जब सीएम को टोपी दी गई, तो उन्होंने खुद न पहनकर उसे अपने करीबी मंत्री विजय कुमार चौधरी को पहना दिया। नीतीश कुमार के एक खास संकेत के तौर पर देख रहे हैं।

एनडीए की एकजुटता का प्रदर्शन

बीते कुछ दिनों में चिराग पासवान और जमा खान की इफ्तार पार्टियों में भी एनडीए नेताओं की भारी मौजूदगी देखी गई। आज सीएम आवास पर होने वाला यह आयोजन न केवल धार्मिक सौहार्द का प्रतीक है, बल्कि चुनावी सरगर्मियों के बीच गठबंधन की एकजुटता दिखाने का एक बड़ा मंच भी साबित होगा।