Bihar Weather Report: बिहार में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। एक तरफ जहां, दिन में तेज धूप लोगों को मार्च महीने में ही मई-जून की गर्मी का एहसास दिला रही है। वहीं, शाम होते-होते आसमान काले बादलों से घिर जा रहा है, जिससे शाम और रात के समय मौसम सुहावना रह रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने आज गुरुवार 19 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम के सामान्य बने रहने की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटे का मौसम

पिछले 24 घंटे की बात करें तो मौसम विभाग द्वारा बारिश-आंधी की चेतावनी के बावजूद भी पूरे बिहार में मौसम बना रहा है। प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं देखने को मिली। हालांकि कई जिलों में बादल के छाए रहने से मौसम जरूर सुहावना बना रहा। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं, जिससे कुछ जगहों पर बारिश के साथ तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

नालंदा का राजगीर रहा सबसे गर्म इलाका

36.3 डिग्री सेल्सियस के साथ नालंदा का राजगीर सबसे गर्म इलाका रहा। वहीं, वाल्मीकि नगर (पश्चिम चंपारण) में सबसे कम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा कई जिलों का तापमान 35 डिग्री या उससे कम दर्ज हुआ। इसके अलावा प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30-32 किमी की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने से मौसम में ठंडा बना रहा।

आज का मौसम

प्रदेश में आज 19 मार्च का मौसम सामान्य रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ जगहों पर आसमान साफ रहेगा। वहीं, कुछ जगहों पर बादल देखने को मिल सकते हैं। हालांकि बारिश को लेकर किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस दौरान राज्य का तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

कुल मिलाकर आज प्रदेश में बारिश होने की संभावना नहीं के बराबर है। हालांकि मौसम विभाग ने मौसम में बदलाव को लेकर संकेत जरूर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में बारिश के साथ बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। इससे फसलों या आम जन जीवन पर कोई बड़ा या बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ की शुरुआत, कांग्रेस की प्रेस-कॉन्फ्रेंस, मांझी की दावत-ए-इफ्तार, एक नजर आज के होने वाले बड़े कार्यक्रमों पर…