सोहराब आलम, मोतिहारी। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और DRI की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई के दौरान घोड़ासहन के पास SSB और DRI टीम ने एक ट्रक से 37 लाख रुपये के 11,550 किलो कद्दू के बीज जब्त किए हैं। इसके साथ ही टीम ने यूपी के दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

दूसरे राज्यों में भेजने की थी योजना

तस्कर नेपाल से मोटरसाइकिल के जरिए अवैध तरिके से कद्दू (लौकी) के बीज को भारत में लाकर घोड़ासहन थाना क्षेत्र के बसवरिया गांव में इकट्ठा कर रहे थे। इसके बाद इन बीजों को एक ट्रक में लादकर दूसरे राज्यों में भेजने की योजना थी। इसकी सूचना मिलने के बाद SSB ने यह जानकारी तुरंत DRI मुजफ्फरपुर के साथ साझा की, जिसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

यूपी के रहने वाले हैं तस्कर

गिरफ्तार तस्करों की पहचान मो. हसीब (35 वर्ष) पिता ननकाऊ के रूप में हुई है, जो यूपी के फैजाबाद जिले स्थित ग्राम रिदौली का रहने वाला है। वहीं, दूसरा तस्कर मो. सलमान (31 वर्ष), पिता मो. हामिद के रूप में हुई, जो यूपी के बाराबंकी जिले स्थित भरसावन गांव थाना रामनगर का निवासी है। फिलहाल दोनों हिरासत में हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ जो भी उचित कार्रवाई होगी, उसे की जाएगी। जब्त कद्दू के बीच की कीमत भारत में करीब लगभग 36 लाख 96 हजार रुपये आंकी गई है।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी: संग्रामपुर CHC में अव्यवस्था देख भड़के RDD, लापरवाह अधिकारियों को लगाई जमकर फटकार