अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित रोहतास दौरे को लेकर जिले में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर पूरा सरकारी अमला मुस्तैद है। इसी क्रम में, रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने आज डेहरी में निर्माणाधीन 1350 करोड़ रुपये की लागत वाले विशाल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ रोहतास एसपी रोशन कुमार, उप विकास आयुक्त (DDC), सासाराम व डेहरी के एसडीएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
तीन शहरों की प्यास बुझाएगी यह मेगा योजना
जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री का जिला भ्रमण प्रस्तावित है, जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।
जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत बन रहा यह प्लांट सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य सोन नदी के जल को अत्याधुनिक तकनीक से शुद्ध कर उसे पीने योग्य बनाना है। इसके पूर्ण होने से सासाराम, डेहरी और औरंगाबाद शहर के निवासियों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
प्रतिदिन 206 MLD जल आपूर्ति का लक्ष्य
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2 सितंबर 2024 को इस वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का शिलान्यास किया था। परियोजना की रूपरेखा के अनुसार, जल की आवश्यकता को देखते हुए प्रतिदिन कुल 206 एमएलडी जल शोधन और वितरण की व्यवस्था की गई है। पाइपलाइन बिछाने का कार्य नहरों और राजमार्गों के किनारे से किया जा रहा है, ताकि शहर के हर घर तक निर्बाध रूप से शुद्ध जल पहुंच सके।
निरीक्षण के दौरान मिले कड़े निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी तैयारियों का खाका भी खींचा जा चुका है। एसपी रोशन कुमार ने सुरक्षा मानकों का जायजा लिया, ताकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात और सुरक्षा में कोई चूक न हो। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से इलाके में जल संकट से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

