प्रदीप मालवीय, उज्जैन। गुड़ी पड़वा एवं हिंदू नववर्ष के अवसर पर धर्मनगरी उज्जैन में विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट पर भव्य ‘सृष्टि आरम्भ उत्सव’ का आयोजन किया गया । कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसके बाद पार्श्व गायक विशाल मिश्रा ने अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया । देर शाम भव्य ड्रोन शो, लेजर शो और आकर्षक आतिशबाजी ने शिप्रा तट के आकाश को रोशनी और रंगों से भर दिया । ड्रोन के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक झलकियों का मनोहारी प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग रामघाट पर उमड़े और नववर्ष का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में उज्जैन की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि यह नगरी अनादि काल से आस्था का केंद्र रही है और यहां आने वाला हर व्यक्ति आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त करता है । उन्होंने कहा कि प्राचीन उज्जयिनी, जिसे अवंतिका के नाम से भी जाना जाता है, आज भी अपनी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक महत्व के कारण विश्व में विशेष पहचान रखती है।

मुख्यमंत्री ने सम्राट विक्रमादित्य की विद्वता, वीरता और दानशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और विक्रमोत्सव उसी गौरवशाली परंपरा को जीवंत रखने का प्रयास है । उन्होंने कहा कि आज जहां दुनिया ड्रोन तकनीक का उपयोग युद्ध में कर रही है, वहीं उज्जैन में यही तकनीक आस्था और संस्कृति के प्रदर्शन का माध्यम बन रही है, जो सनातन परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

उन्होंने आगामी “सिंहस्थ 2028” की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार का सिंहस्थ अभूतपूर्व और ऐतिहासिक होगा । शहर को जोड़ने वाले मार्गों का विस्तार किया जा रहा है और शिप्रा तट पर नए घाट विकसित किए जा रहे हैं । साथ ही उज्जैन को औद्योगिक दृष्टि से भी विकसित किया जा रहा है, जिसके तहत विक्रम उद्योगपुरी और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं । नए एयरपोर्ट और हेलीकॉप्टर सेवाओं की योजना भी तैयार की जा रही है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा । इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न पंचांगों और धार्मिक ग्रंथों का विमोचन भी किया गया । कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m