IPL 2008 Most Expensive Player: इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होगा. इस लीग का इतिहास करीब 2 दशक पुराना है. साल 2008 में पहला सीजन हुआ था, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने शेन वॉर्न की कप्तानी में खिताब जीतकर इतिहास रचा था. हालांकि, उसके बाद ये टीम दूसरी ट्रॉफी आज तक नहीं जीत पाई है. आईपीएल 2026 में सबसे महंगे खिलाड़ी के तौर पर कैमरून ग्रीन उतरने वाले हैं, जिन्हें केकेआर ने 25.20 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस लीग के ओपनिंग सीजन में सबसे ज्यादा पैसा किस खिलाड़ी को मिला था, मतलब कौन सा खिलाड़ी सबसे महंगा रहा था? आपके इसी सवाल का जवाब लेकर हम हाजिर हुए हैं.

2008 में जब आईपीएल का आगाज हुआ था, तब ग्लेन मैक्ग्रा, शेन वॉर्न और मुथैया मुरलीधरन जैसे दिग्गजों की मौजूदगी के बावजूद नीलामी के पहले दिन जिस खिलाड़ी पर सबकी नजरें टिकी थीं, वो कोई और नहीं बल्कि महेंद्र सिंह धोनी थे. धोनी उस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी थे. उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 1.5 मिलियन डॉलर (उस समय के अनुसार लगभग 6 करोड़ रुपये) की भारी-भरकम राशि के साथ अपने साथ जोड़ा था. वो आईपीएल इतिहास के पहले सबसे महंगे खिलाड़ी हैं.

धोनी को खरीदने की मची थी होड़

एमएस धोनी ने 2007 में अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को टी20 विश्व कप का खिताब दिलाया था. इसलिए उनकी डिमांड ज्यादा थी. यही वजह है कि आईपीएल के पहले ही सीजन में उन्हें खरीदने के लिए फ्रैंचाइजी के बीच जबरदस्त होड़ मची थी. धोनी के लिए मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच बिडिंग वॉर हुआ था, जिसमें सीएसके ने बाजी मारी थी. पहले सीजन में चेन्नई की टीम खिताब तो नहीं जीत पाई थी, लेकिन धोनी ने कमाल का प्रदर्शन किया था.

2008 में एमएस धोनी ने क्या किया था?

चेन्नई सुपर किंग्स की उम्मीदों पर एमएस धोनी खरे उतरे थे. मतलब वो ‘पैसा वसूल’ प्लेयर साबित हुए थे. पहले ही सीजन में धोनी ने अपनी कप्तानी में टीम को फाइनल तक पहुंचाया, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई थी. बल्ले से धोनी ने 14 पारियों में 414 रन बनाए थे. वो पहले सीजन से चेन्नई की टीम का हिस्सा रहे हैं और बाद में उन्होंने अपनी कप्तानी में इस टीम को 5 खिताब दिलाए. पिछले डेढ़ दशक से चेन्नई के साथ उनका रिश्ता चल रहा है. आईपीएल 2026 में भी धोनी मैदान पर बतौर खिलाड़ी उतरेंगे.

आईपीएल 2008 के टॉप 5 महंगे खिलाड़ी (IPL First Auction most expensive players)

1. एम.एस. धोनी (CSK) -6 करोड़ रुपये में खरीदा था.

2. एंड्रयू साइमंड्स (Deccan Chargers)– 5.40 करोड़ रुपये में खरीदा था.

3. सनथ जयसूर्या (Mumbai Indians)– 3.91 करोड़ रुपये में खरीदा था.

4. इशांत शर्मा (Kolkata Knight Riders)– 3.81 करोड़ रुपये में खरीदा था.

5. इरफान पठान (Kings XI Punjab)– 3.71 करोड़ रुपये में खरीदा था.

आइकॉन प्लेयर सीधे टीमों से जुड़े थे

यहां एक बात और आपको जान लेनी चाहिए कि 2008 में कई आइकॉन प्लेयर थे, जिन्हें टीमों ने सीधे अपने साथ जोड़ा था. इनमें महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली जैसे दिग्गजों के नाम थे. ये नीलामी में शामिल नहीं हुए थे.