Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (20 मार्च 2026) की खबरों में दिल्ली जल बोर्ड में बड़ा बदलाव: जियो-टैगिंग, e-KYC और GPS से होगी मीटर रीडिंग, दिल्ली के नए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने प्रधानमंत्री मोदी से की पहली मुलाकात, दिल्ली में 125 से अधिक उद्योग ग्रीन कैटेगरी में शामिल, दिल्ली दंगों का आरोपी शरजील इमाम 6 साल बाद जेल से बाहर, दिल्ली के पालम हादसे में प्रशासन पर सवाल, सियासत गरमाई प्रमुख रहा।

दिल्ली जल बोर्ड में बड़ा बदलाव: जियो-टैगिंग, e-KYC और GPS से होगी मीटर रीडिंग
नई दिल्ली: दिल्ली जल बोर्ड (DJB) आने वाले दिनों में अपनी बिलिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। डीजेबी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने बताया कि अब उपभोक्ताओं की प्रॉपर्टी को जियो-टैग किया जाएगा और बिलिंग सिस्टम में व्यापक सुधार किए जाएंगे। इसका उद्देश्य लोगों को गलत और भारी-भरकम पानी के बिलों से राहत दिलाना है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद बिलिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सटीक और जवाबदेह बनेगी। इससे लंबे समय से चली आ रही बिलिंग से जुड़ी शिकायतों में कमी आने की उम्मीद है। बैठक में जल मंत्री ने दिल्ली गेट नाले में गंदे पानी के इन-सीटू ट्रीटमेंट के लिए 71.12 करोड़ रुपये की लागत वाले प्रोजेक्ट को भी मंजूरी दी।

दिल्ली के नए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने प्रधानमंत्री मोदी से की पहली मुलाकात
दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मंगलवार को उपराज्यपाल के रूप में शपथ लेने के बाद यह संधू की पीएम मोदी से पहली मुलाकात थी। इस साल 5 मार्च को उन्हें दिल्ली की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि उनके पूर्ववर्ती वीके सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया था। संधू ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी साझा की है।

दिल्ली में 125 से अधिक उद्योग ग्रीन कैटेगरी में शामिल
दिल्ली सरकार ने प्रिंटिंग उद्योग को बड़ी राहत देते हुए ‘फ्लेक्स/विनाइल/पीवीसी पर डिजिटल प्रिंटिंग’ को ग्रीन कैटेगरी की गतिविधि में शामिल कर लिया है। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस फैसले से कारोबार करना आसान होगा और पर्यावरण सुरक्षा के मानकों का भी पालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक ग्रीन कैटेगरी में उन उद्योगों को रखा जाता है, जिनका प्रदूषण स्तर कम होता है और जिनका प्रदूषण सूचकांक केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा तय सीमा के भीतर रहता है। इस श्रेणी में शामिल होने से संबंधित उद्योगों को मंजूरी और लाइसेंसिंग प्रक्रिया में कम बाधाओं का सामना करना पड़ता है। इस निर्णय के साथ ही दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति का वर्गीकरण अब सीपीसीबी के दिशानिर्देशों के अनुरूप हो गया है। इससे प्रिंटिंग क्षेत्र से जुड़े उद्यमों को तेजी से स्वीकृति मिलने का रास्ता साफ होगा।

दिल्ली दंगों का आरोपी शरजील इमाम 6 साल बाद जेल से बाहर
दिल्ली की अदालत ने शरजील इमाम को 6 साल की जेल की सजा के बाद 10 दिनों की अंतरिम जमानत दी है। उन्हें परिवार के कुछ सदस्य रिमझिम बारिश के बीच लेने पहुंचे। इमाम ने मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया, लेकिन कार में बैठते ही मुस्कुराते हुए एक बार विक्ट्री साइन बनाकर अपनी खुशी जाहिर की। दिल्ली की अदालत ने शरजील इमाम को 9 मार्च 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए 10 दिन की अंतरिम जमानत दी है।

दिल्ली के पालम हादसे में प्रशासन पर सवाल, सियासत गरमाई
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में भीषण आग की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में नौ लोगों की जान चली गई, जिससे एक ही परिवार पूरी तरह उजड़ गया। हादसे के बाद दिल्ली सरकार एक्शन मोड में नजर आ रही है। सरकार ने शहर भर की कमर्शियल यूनिट्स की मैपिंग और फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश जारी किए हैं। दिल्ली के होम मिनिस्टर आशीष सूद ने गुरुवार को अधिकारियों को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
VRS लेकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकते: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने एक अहम मामले में स्पष्ट किया है कि कोई भी पति स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेकर अपने परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। अदालत ने इस मुद्दे पर कड़ी टिप्पणी करते हुए याचिकाकर्ता को फटकार लगाई। यह टिप्पणी न्यायमूर्ति अमित महाजन ने उस याचिका पर सुनवाई के दौरान की, जिसमें एक व्यक्ति ने पारिवारिक अदालत द्वारा तय किए गए मेंटेनेंस (भरण-पोषण) आदेश को चुनौती दी थी। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में छात्रा के इलाज का मामला: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने दिल्ली सरकार को एक बड़ा झटका देते हुए आदेश दिया है कि एक छात्र के मेडिकल खर्च की भरपाई सरकार करेगी। अदालत ने साफ किया कि समय पर इलाज न देना राज्य की जिम्मेदारी का उल्लंघन है, और यह मामला सीधे तौर पर जीवन के अधिकार (Right to Life) से जुड़ा है। दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली सरकार को एक अहम आदेश देते हुए कहा है कि वह दो महीने के भीतर एक छात्र को 12,000 रुपये लौटाए। यह आदेश न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने दिया है। दिल्ली सरकार को निर्देश दिया गया कि वह मेडिकल खर्च की भरपाई के तहत 12,000 रुपये लौटाए. याचिकाकर्ता को अलग से मुआवजे के लिए सिविल मुकदमा दायर करने की छूट भी दी गई (पढ़े पूरी खबर)
2018 में गिरफ्तार दो आरोपियों को ISIS से जुड़ाव के आरोपों से किया बरी: नई दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने दो आरोपियों को बरी कर दिया है। ये दोनों युवकों को साल 2018 में ISIS-JK से जुड़े होने के शक में गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जांच में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जो साबित कर सके कि ये युवक ISIS-JK से जुड़े थे। इसी वजह से अदालत ने दोनों आरोपियों को बरी करने का फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि सरकारी पक्ष (प्रॉसिक्यूशन) यह साबित नहीं कर पाया कि आरोपी सच में ISIS से जुड़े थे। इसलिए अदालत ने संदेह का लाभ देकर दोनों युवकों को बरी कर दिया। (पढ़े पूरी खबर)
लाल किला धमाका केस में बड़ा खुलासा: लाल किला के बाहर हुए धमाके को लेकर जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए भारत में जासूसी कर रहे आरोपी सुहेल को इस धमाके की पहले से जानकारी थी। जांच एजेंसियों की पूछताछ में सामने आया है कि धमाके के बाद सुहेल मौके पर भी पहुंचा था। वहां उसने फोटो और वीडियो बनाए और उन्हें पाकिस्तान भेजा। अब तक जांच में यह सामने आ रहा था कि आरोपी केवल सूचनाएं इकट्ठा करने का काम कर रहे थे, लेकिन इस नए खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है। जांच एजेंसियां अब इस एंगल से भी जांच कर रही हैं कि क्या आरोपी का इस धमाके में सीधा या अप्रत्यक्ष संबंध था। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ सुहाना: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार के बाद शुक्रवार सुबह की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। नोएडा, गुरुग्राम और दिल्ली समेत कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली, नोएडा, दादरी और ग्रेटर नोएडा में पूरे दिन बारिश होने की संभावना है। IMD ने चेतावनी दी है कि इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। बारिश के चलते जहां एक ओर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं दूसरी ओर कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की भी संभावना जताई जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

