कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार भूमिहीन परिवारों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। दरअसल सम्राट सरकार ने बिहार के प्रत्येक भूमिहीन परिवार को अपना आशियाना मिले, इसी संकल्प के साथ कल मंगलवार यानी की 22 सितंबर से “अभियान बसेरा” के तहत सभी पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है।

नजदीकी कार्यालय में जमा कर सकेंगे आवेदन

सीएम सम्राट चौधरी ने इस बात की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, अब गृहस्थल (वासभूमि) के पर्चे के लिए आपको किसी प्रकार की परेशानी उठाने की आवश्यकता नहीं है। अपने नजदीकी ग्राम पंचायत अथवा अंचल कार्यालय में आवेदन जमा करें। सभी संबंधित अधिकारियों को आवेदन स्वीकार करने और उसकी रसीद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

घर बैठे भी आवेदन करने की सुविधा

सीएम ने कहा कि, आपकी सुविधा के लिए हमने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के बिहार भूमि पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की है। https://biharbhumi.bihar.gov.in/Biharbhumi/ के माध्यम से आप घर बैठे भी गृहस्थल (वासभूमि) के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि, हमारा लक्ष्य है कि बिहार का कोई भी पात्र परिवार आवासीय भूमि के अधिकार से वंचित न रहे।

मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल का बयान

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि अभियान बसेरा के तहत वासभूमि के लिए आवेदन करने वाले भूमिहीन परिवारों की सुविधा विभाग की प्राथमिकता है। लाभार्थी अपने संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं या बिहारभूमि पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पंचायत सरकार भवन में आयोजित चार दिवसीय शिविरों में भी आवेदन जमा करने की व्यवस्था की गई है। इससे लाभार्थियों को आवेदन के लिए अनावश्यक यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।

ये भी पढ़ें- अवधेश नारायण सिंह ने विधान परिसद के सभापति पद से दिया इस्तीफा, सियासी हलचल तेज