राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नवी मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह पर 11,060 प्रतिबंधित वॉकी-टॉकी सेट और सेकंड-हैंड हार्ड डिस्क ड्राइव (HDDs) ज़ब्त किए हैं. जिनकी कुल कीमत 9.25 करोड़ रुपये है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.

शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुंबई की दो फर्मों के मालिक—एक पिता-पुत्र की जोड़ी ने बिना अनुमति के ये सामान आयात किया था. ऐसे में उन्हें सीमा शुल्क अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है. विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर DRI अधिकारियों की एक टीम ने 2.5 करोड़ रुपये के वॉकी-टॉकी और 6.75 करोड़ रुपये मूल्य के सेकंड-हैंड एचडीडीएस को जब्त किया.

अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित सामानों को 21 करोड़ रुपये के अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के बीच छिपाकर रखा गया था. चीन से भेजे गए आठ कंटेनरों में आए 30.25 करोड़ रुपये के पूरे माल को गलत घोषणा (misdeclaration) के आरोप में ज़ब्त कर लिया गया.

इस तरह की वॉकी-टॉकी है बैन

साथ ही इस तरह के वॉकी-टॉकी को दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है. क्योंकि ये अनुमत आवृत्तियों (frequencies) से बाहर काम करते हैं और इनका उपयोग अनधिकृत संचार के लिए किया जा सकता है. जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा होता है. इन उपकरणों के लिए विशिष्ट लाइसेंस की आवश्यकता होती है. इसके अलावा सेकंड-हैंड एचडीडीएस का आयात भी विदेश व्यापार महानिदेशालय की अनुमति के बिना नहीं किया जा सकता है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m