हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर में पंजाबी सिंगर करण औजला के लाइव कंसर्ट को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मारपीट का वीडियो अब पूरी तरह झूठा निकला है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि जिस वीडियो को इंदौर का बताया जा रहा था, वह दरअसल मुंबई में हुए एक पुराने शो का है। इस फेक वीडियो को इंदौर का बताकर वायरल करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी है, और चार सोशल मीडिया अकाउंट पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।

इंदौर में हाल ही में आयोजित हुए करण औजला के लाइव कंसर्ट के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। जिसमें कथित तौर पर शो के दौरान मारपीट का दावा किया गया। वीडियो के वायरल होते ही शहर में सनसनी फैल गई और कंसर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे, लेकिन जब इंदौर पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने इस वीडियो की जांच शुरू की, तो मामला कुछ और ही निकला।

ये अकाउंट्स जांच के दायरे में

जांच में सामने आया कि यह वीडियो इंदौर का नहीं, बल्कि मुंबई में हुए एक शो का है, जिसे भ्रामक तरीके से इंदौर का बताकर शेयर किया गया। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उन सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की है, जिन्होंने इस वीडियो को सबसे पहले वायरल किया, ओ बेन न्यूज, इंदौर एक्सप्रेस न्यूज, मेट्रो सिटी इंदौर और इंदौर वायरल नाम के अकाउंट्स जांच के दायरे में आए हैं।

फॉरवर्ड करने वालों पर भी नजर

इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। सिर्फ इतना ही नहीं, पुलिस उन लोगों पर भी नजर रख रही है, जिन्होंने बिना तथ्य जांचे इस वीडियो को आगे फॉरवर्ड किया। ऐसे अकाउंट्स को नोटिस जारी करने की भी प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि फेक न्यूज फैलाने पर रोक लगाई जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m