IPL 2026 Replacements List: आईपीएल 2026 के आगाज से महज 4 दिन पहले कई टीमों के समीकरण बदल गए हैं. तीन नए खिलाड़ियों की एंट्री हुई है. ये वही प्लेयर हैं, जो मिनी-ऑक्शन में ‘अनसोल्ड’ रहे थे, लेकिन अब मैदान पर तबाही मचाते नजर आएंगे.
IPL 2026 Replacements List: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का मंच तैयार है. आज से 4 दिन बाद यानी 28 मार्च से 19वें सीजन का आगाज होगा. 10 टीमें 1 ट्रॉफी के लिए मैदान पर उतरने वाली हैं. नए सीजन के आगाज से पहले 10 टीमों के लगभग एक दर्जन खिलाड़ी चोटिल हैं. कोई पूरे सीजन से बाहर हो चुका है तो किसी के खेलने का फिक्स नहीं है, कुछ रिकवरी की दहलीज पर हैं. यहां हम आपके लिए उन खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी किस्मत रातों-रात चमक गई है. ये वही खिलाड़ी हैं, जो मिनी-ऑक्शन में ‘अनसोल्ड’ रहे थे, लेकिन अब सैम करन, नाथन एलिस और आकाश दीप जैसे खिलाड़ियों की चोट की वजह से इन प्लेयर्स को आईपीएल 2026 में मौका मिला है.
1 – दासुन शनाका (राजस्थान रॉयल्स)

दासुन शनाका श्रीलंका से आते हैं. वहां के टी20 कप्तान हैं. हाल में उनकी कप्तानी में ही श्रीलंका ने टी20 विश्व कप जीता था. इस खिलाड़ी को नीलामी में किसी भी टीम ने पूछा तक नहीं था, लेकिन अब राजस्थान रॉयल्स ने सैम करन की जगह उन्हें मौका दिया है. करन ग्रोइन इंजरी (कमर की चोट) के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. दासुन के पास आईपीएल के तीन मैचों का अनुभव है. वह इससे पहले गुजरात की टीम का हिस्सा रह चुके हैं. इस खिलाड़ी के पास गेंद और बल्ले दोनों से मैच जिताने की क्षमता है.
2 – सौरभ दुबे (कोलकाता नाइट राइडर्स)

आईपीएल 2026 में अचानक एंट्री मारने वाले खिलाड़ियों में दूसरा नाम सौरभ दुबे का है, जो एक बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं. घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलने वाले इस खिलाड़ी को आकाश दीप की जगह टीम में मौका मिला है. आकाश दीप पीठ की गंभीर चोट (Stress Injury) के कारण इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे. सौरभ 4 साल बाद आईपीएल में वापसी कर रहे हैं. इससे पहले वह 2022 के सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा थे, लेकिन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. इस बॉलर के पास बढ़िया गति है और वह इस बार डेब्यू कर सकते हैं.
3 – स्पेंसर जॉनसन (चेन्नई सुपर किंग्स)

नाथन एलिस की जगह स्पेंसर जॉनसन को जगह मिली है, जो ऑस्ट्रेलिया से आते हैं और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं. एलिस हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, जिसके बाद ही जॉनसन की किस्मत चमकी है. यह खिलाड़ी आईपीएल 2024 और 2025 सीजन में कुल 9 मैच खेल चुका है, जिनमें 5 विकेट शामिल हैं. उनका इकॉनमी रेट 10.39 रहा था, लेकिन हालिया प्रदर्शन इस खिलाड़ी का बढ़िया रहा है और अब वह येलो जर्सी में चेन्नई की टीम के लिए जलवा दिखाएंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

