Riyan Parag RR Captain: दिन बाद आईपीएल 2026 का आगाज होने वाला है. 28 मार्च को RCB vs SRH के बीच ओपनिंग मुकाबला है, जो चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस बार सभी 10 टीमों के कप्तान भारतीय हैं. ऐसा पिछले 19 साल में पहली बार हो रहा है, जब इस लीग के किसी एक एडिशन में सभी देसी कप्तान हैं. इस बार उस खिलाड़ी को भी कप्तानी मिली है, जो पिछले 7 साल से एक ही टीम का हिस्सा है और इस लीग में 6 गेंदों पर लगातार 6 छक्के लगाने का अद्भुत कारनामा कर चुका है. यह कोई और नहीं बल्कि ऑलराउंडर रियान पराग हैं, जिन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 19वें सीजन के लिए अपना कप्तान बनाया है. वह इस सीजन के सबसे युवा कप्तान हैं.
रियान पराग को इसलिए राजस्थान रॉयल्स टीम की कमान मिली है, क्योंकि संजू सैमसन इस बार चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं. सीजन के आगाज से पहले ही उन्हें रवींद्र जडेजा और सैम करन के बदले ट्रेड किया गया था. जिसके बाद रियान को 2008 की चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी दी गई है. रियान सिर्फ 24 साल की उम्र में इस सीजन के सबसे युवा कप्तान बन गए हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 37 साल के अनुभवी अजिंक्य रहाणे पर दांव लगाया है, जो इस सीजन के सबसे उम्रदराज कप्तान होंगे.
6 गेंदों पर 6 छक्के मार चुके हैं रियान पराग
रियान पराग 2019 से राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं. पिछले 6 सीजन वह इस टीम के लिए खेलते रहे हैं. आईपीएल 2025 में उन्होंने 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़कर इतिहास रचा था. उन्होंने यह कमाल 4 मई 2025 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में KKR के खिलाफ कर दिखाया था. रियान ने मोईन अली और वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़कर सनसनी मचा दी थी. उस मुकाबले में रियान ने सिर्फ 45 गेंदों पर 95 रन की तूफानी पारी खेली थी, जिसने उन्हें रातों-रात ग्लोबल स्टार बना दिया था और यही वजह है कि आज वह कप्तान भी बने हैं.
रियान पराग का आईपीएल करियर कैसा है?
रियान पराग ने 2019 में डेब्यू किया था. तब से लेकर अब तक वह राजस्थान रॉयल्स के लिए 84 मुकाबले खेलकर 26.10 की औसत से 1566 रन बना चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 7 अर्धशतक लगाए हैं. उनके बल्ले से 111 चौके और 87 छक्के भी निकले हैं. अब वह आईपीएल 2026 के जरिए टीम को दूसरा खिताब दिलाने की पूरी कोशिश करेंगे. राजस्थान रॉयल्स ने 2008 के बाद खिताब नहीं जीता है. देखना होगा कि वह यह सूखा खत्म कर पाते हैं या नहीं.
रियान पराग का कप्तानी रिकॉर्ड कैसा है?
रियान पराग असम के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. पिछले सीजन जब संजू सैमसन चोटिल हुए थे तो रियान ने राजस्थान टीम के लिए 8 मैचों में कप्तानी की थी. उनकी कप्तानी में टीम को 8 में से सिर्फ 2 मैचों में जीत मिली थी. ये वही रियान पराग हैं, जिन्होंने 2017 में इंडिया अंडर-19 टीम के इंग्लैंड दौरे पर बढ़िया प्रदर्शन किया था. उस टीम में शुभमन गिल और पृथ्वी शॉ जैसे खिलाड़ी भी थे. इसके बाद इसी टीम ने 2018 में अंडर 19 विश्व कप जीता था.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

