दिल्ली: दिल्ली की सियासत में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास, जिसे भाजपा ‘शीशमहल’ कहती है, को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने विधानसभा में CAG रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान केजरीवाल की तुलना फिल्म ‘धुरंधर’ के किरदार रहमान डकैत से की। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने दिल्ली के पैसों पर डाका डाला है। इस बयान के एक दिन बाद प्रवेश वर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब 14 मिनट 30 सेकंड का एक वीडियो साझा किया, जिसे उन्होंने ‘धुरंधर पार्ट-3’ नाम दिया। इस वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर केजरीवाल के बनाए ‘शीशमहल’ को अंदर से दिखाने का दावा किया है।
इस वीडियो में वर्मा ने दावा किया कि केजरीवाल ने अपने सरकारी आवास 6, फ्लैग स्टाफ रोड की सजावट पर करीब 60 करोड़ रुपए खर्च किए। उन्होंने वीडियो में महंगे सामानों का जिक्र करते हुए बताया कि आवास में 88 लाख का झूमर, 28 लाख का टीवी, 10 लाख रुपए का ‘सोना रूम’, 6 लाख का जकूजी, 5 लाख की चिमनी और करीब 5 लाख रुपए प्रतिमाह का बिजली बिल जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। वीडियो शेयर करते हुए प्रवेश वर्मा ने लिखा, “दिल्ली के ‘डकैत’ की कहानी… भरोसे का चेहरा लेकर आया, और खजाना अपने सपनों के शीशमहल में लगा गया।”
‘अगर केजरीवाल जीत जाते तो शीशमहल-2 भी बनवाते’
इतना ही नहीं, वर्मा ने एक और बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस ‘शीशमहल’ के पास ही एक और बड़े एक्सटेंशन की तैयारी चल रही थी। उन्होंने पास में खड़े एक अधूरे निर्माण को दिखाते हुए कहा, “जितना बड़ा शीशमहल है, उतना ही बड़ा उसका एक्सटेंशन बनाने की योजना थी। अगर केजरीवाल जी चुनाव जीत जाते, तो 4000 गज जमीन पर करीब 60 करोड़ की लागत से इसका विस्तार भी पूरा कर लिया जाता।” वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि ‘शीशमहल-2’ का काम शुरू हो चुका था और उस पर करीब 25 करोड़ रुपए खर्च भी किए जा चुके थे।
वीडियो में वर्मा ने कहा, “देश की जनता ने ‘शीशमहल’ का नाम बार-बार सुना होगा। केजरीवाल जी का ये वायदा था कि वो गाड़ी नहीं लेंगे, बंगला नहीं लेंगे, मगर शीशमहल लेंगे, ये नहीं सोचा था हमने।” उन्होंने आगे कहा, “आज मैं दिल्ली की जनता को शीशमहल का टूर कराना चाहता हूं। ये कोई सरकारी घर नहीं लगता, बल्कि किसी महल जैसा लगता है। सामने से देखने पर ऐसा लगता है जैसे राजस्थान के महलों में पत्थर लगे होते हैं, वैसे ही पत्थर यहां भी लगाए गए हैं। लगभग डेढ़ एकड़ में फैली इस प्रॉपर्टी को अब अंदर से भी दिखाया जाएगा।”
ताली बजाने से खुलने वाले दरवाजे, लेदर का सोफा
वीडियो के दौरान वर्मा एक कमरे में जाते हैं, जहां वे दिखाते हैं कि ताली बजाने से स्लाइडिंग दरवाजे खुल जाते हैं। इसके बाद वे ड्राइंग रूम में रखे लेदर सोफे का जिक्र करते हुए कहते हैं कि इसमें संभवतः गाय की खाल का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल पहले पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर उनके घर में ज्यादा एसी होने को लेकर सवाल उठाते थे, लेकिन यहां एक ही कमरे में दो एसी लगे हुए मिले। साथ ही उन्होंने बताया कि आवास में बोस (Bose) के स्पीकर सिस्टम भी लगाए गए हैं।
ऊपरी मंजिल तक खाना पहुंचाने के लिए किचन में मिनी लिफ्ट
वीडियो में वर्मा एक के बाद एक कमरों का दौरा करते हुए सुविधाओं को दिखाते हैं। उन्होंने दूसरे ड्राइंग रूम में लगे गोल्ड प्लेटेड झूमर का जिक्र किया। इसके बाद एक अन्य कमरे में भी एक और महंगा झूमर दिखाते हुए कहा कि यह भी गोल्ड प्लेटेड या संभवतः सोने का हो सकता है। आगे बढ़ते हुए वर्मा ने आवास में लगी लिफ्ट को दिखाया। इसके बाद वे किचन में पहुंचे, जहां ऑटोमैटिक डोर उनके पहुंचते ही स्वतः खुल जाता है। किचन में ही उन्होंने एक छोटी लिफ्ट भी दिखाई, जिसके बारे में कहा कि इसका उपयोग खाना ऊपरी मंजिल तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। किचन में मौजूद सुविधाओं का जिक्र करते हुए वर्मा ने सीमेंस कंपनी का डिशवॉशर दिखाया और फिर एक अलमारी की ओर इशारा किया, जिसमें कांच के दरवाजों के अंदर कई क्रॉकरी सेट्स रखे हुए थे। उन्होंने दावा किया कि ये क्रॉकरी इम्पोर्टेड हैं और उन पर “Made in Belgium” लिखा हुआ है।
वीडियो में किचन का जिक्र करते हुए वर्मा ने कहा कि यहां लगी चिमनी की कीमत करीब 5 लाख रुपए है। उन्होंने टिप्पणी की, “एक गरीब आदमी का जितना बड़ा बाथरूम होता है, उतनी बड़ी तो यहां सिर्फ चिमनी लगी हुई है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि पूरा किचन करीब डेढ़ करोड़ रुपए में तैयार किया गया, जिसमें एक ऐसा फ्रिज भी है जिसमें इनबिल्ट टीवी लगा हुआ है। इसे दिखाते हुए उन्होंने तंज कसा, “यह है जनता के पैसों का सदुपयोग।”
आगे उन्होंने 14 कुर्सियों वाला डाइनिंग टेबल दिखाया और फिर करीब 88 लाख रुपए का गोल्ड प्लेटेड झूमर (चैंडेलियर) होने का दावा किया। इसके बाद वर्मा एक बेडरूम में पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि इसकी डिजाइन जयपुर के महलों जैसी है। उन्होंने कमरे में लगे रिमोट से ऑपरेट होने वाले पर्दे भी दिखाए और आवास को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बताया।
4 लाख का बेड, 34 लाख का सोफा, 2 लाख की टॉयलेट सीट
वीडियो में वर्मा बाथरूम का जिक्र करते हुए बताते हैं कि यहां करीब 2 लाख रुपए की टॉयलेट सीट लगी हुई है, जिसमें कई बटन दिए गए हैं। साथ ही बाथरूम में डाइकिन (Daikin) कंपनी का एसी भी लगाया गया है। उन्होंने बाथरूम में लगे अत्याधुनिक ‘रेन शॉवर’ और अन्य हाई-टेक सुविधाओं को भी दिखाया। इसके बाद वर्मा ने बाहर रखे रेक्लाइनर, करीब 4 लाख रुपए का बेड और 34 लाख रुपए का सोफा दिखाया। उन्होंने यह भी बताया कि आवास में रिमोट से ऑपरेट होने वाली आधुनिक लाइट्स लगी हुई हैं। एक अन्य बेडरूम में पहुंचकर वर्मा ने दावा किया कि वहां वियतनाम का मार्बल लगाया गया है और पूरे कमरे में मार्बल का ही इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने ड्रेसिंग रूम के अंदर भी बोस (Bose) कंपनी के स्पीकर लगे होने की बात कही और बताया कि आवास में कुल मिलाकर करीब 30 लाख रुपए के बोस स्पीकर्स लगाए गए हैं।
शीशमहल में लगे अन्य कीमती सामानों की जानकारी
1.5 करोड़ रुपए में 11 टीवी, 1.5 करोड़ रुपए के पर्दे, 1.5 करोड़ रुपए के झूमर, 1.5 करोड़ रुपए की बार्बीक्यू यूनिट, 1.05 करोड़ रुपए की 76 टेबल, 60 लाख रुपए के कारपेट , 60 लाख रुपए की रेक्लाइनर चेयर , 40 लाख रुपए की जकूजी , 40 लाख रुपए के बेड, 40 लाख रुपए के बोस के सीलिंग स्पीकर्स , करीब 29 लाख रुपए के अन्य उपकरण , 28 लाख रुपए की अलमारी , 14 लाख रुपए की डाइनिंग टेबल , 14 लाख रुपए की सीलिंग डेकोरेटिव लाइट्स, 14 लाख रुपए की ट्रेडमिल , 5 लाख रुपए का रेफ्रिजरेटर , 5 लाख रुपए में 5 कुर्सियां , 5 लाख रुपए के बुक शेल्फ , 3 लाख रुपए के डंबल्स
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

