गयाजी। बिहार के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बीते 2 मार्च को हुए 64 लाख के पान मसाला लूटकांड का पुलिस ने पूरी तरह पटाक्षेप कर दिया है। पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड अवधेश प्रसाद और उसके सहयोगी प्रवीण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से लूट में इस्तेमाल कार और ट्रक भी बरामद कर लिए गए हैं।

​फिल्मी अंदाज में दी थी वारदात को अंजाम

​2 मार्च 2026 की सुबह बदमाशों ने डीएवी स्कूल के पास फिल्मी स्टाइल में एक ट्रक को घेरा था। इस ट्रक पर 64 लाख मूल्य का रजनीगंधा पान मसाला और जर्दा लदा था। कार से पीछा कर रहे बदमाशों ने हथियार के बल पर ट्रक लूट लिया था। पुलिस ने पूर्व में ही 6 आरोपियों को जेल भेज दिया था, जबकि 3 फरार चल रहे थे। फरार आरोपियों में से एक की हाल ही में प्रेम प्रसंग में हत्या हो चुकी है।

​मास्टरमाइंड का खौफनाक इतिहास

​गिरफ्तार मुख्य आरोपी अवधेश प्रसाद उर्फ सौरभ (पटना) का लंबा आपराधिक इतिहास है। उस पर लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के करीब 35 मामले दर्ज हैं। जनवरी 2026 में जेल से छूटने के तुरंत बाद उसने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। वहीं, झारखंड से गिरफ्तार प्रवीण कुमार पर भी कई जिलों में केस दर्ज हैं।

​दिहाड़ी पर लुटेरे

​पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अवधेश अपने गुर्गों को लूट के माल में हिस्सा नहीं देता था। वह बदमाशों को 10,000 से 15,000 की डेली सैलरी पर वारदात के लिए बुलाता था। अवधेश खुद ही रेकी करता, लाइनर सेट करता और माल बेचने के लिए व्यापारियों से सौदा करता था। इस कांड का इनपुट उसे पटना स्थित पान मसाला गोदाम के पास स्थित कबाड़ी दुकान के मजदूरों से मिला था।
​एएसपी दीप्ति मोनाली और एसडीपीओ सुनील कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने हजारीबाग और जहानाबाद में छापेमारी कर इन शातिर अपराधियों को दबोचने में सफलता पाई है।