सत्या राजपूत, रायपुर. रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं के दिशा में एक नई पहल की जा रही है. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैचों का लाइव प्रसारण दिनांक 28 मार्च 2026 से एयरपोर्ट बिल्डिंग में प्रारंभ किया जा रहा हैं.

इस पहल के तहत एयरपोर्ट पर दो बड़े स्क्रीन स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से यात्रियों को आईपीएल मैचों का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा. इन स्क्रीन को ऐसे प्रमुख स्थानों पर लगाया गया है, जहां से अधिकतम यात्री आसानी से मैच का आनंद ले सकें.

यह सुविधा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए लाभकारी होगी, जिन्हें अपनी उड़ानों के लिए प्रतीक्षा करनी होती है. अब वे अपने खाली समय को रोमांचक क्रिकेट मैचों का आनंद लेते हुए व्यतीत कर सकेंगे. इससे यात्रियों के यात्रा अनुभव को और अधिक सुखद और यादगार बनाने में सहायता मिलेगी.

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, आईपीएल जैसे लोकप्रिय टूर्नामेंट की लाइव स्क्रीनिंग से एयरपोर्ट का वातावरण अधिक जीवंत एवं आकर्षक बनेगा. यह पहल न केवल यात्रियों के मनोरंजन को बढ़ावा देगी, बल्कि एयरपोर्ट पर एक सकारात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल भी निर्मित करेगी. ऐसा प्रयास संभवतः देश भर में रायपुर एयरपोर्ट पर ही पहली बार किया जा रहा हैं .

उल्लेखनीय है कि आईपीएल देश-विदेश में अत्यंत लोकप्रिय क्रिकेट लीग है, जिसे करोड़ों दर्शक देखते हैं. ऐसे में रायपुर एयरपोर्ट पर इसकी लाइव स्क्रीनिंग यात्रियों के लिए एक विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी.

एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा यह व्यवस्था पूरे आईपीएल सीजन के दौरान जारी रखी जाएगी, जिससे यात्रियों को निरंतर लाइव मैच देखने की सुविधा प्राप्त होती रहेगी. यह पहल Airports Authority of India की यात्री सुविधा, नवाचार और उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.