गर्मी के मौसम में कुछ ऐसी चीज़ें खाना हमेशा अच्छा लगता है जो शरीर को ठंडकता पहुंचाती है. तेज गर्मी के कारण लू लगने का खतरा हमेशा बना रहता है. ऐसे में बेल का सेवन फायदेमंद होता है, और बेल का मुरब्बा सच में बहुत फायदेमंद और स्वादिष्ट होता है. खासतौर पर जब इसे गुड़ से बनाया जाए. तो चलिए, आसान तरीके से बेल का मुरब्बा (गुड़ वाला) बनाने की रेसिपी जानते हैं.

सामग्री

पका हुआ बेल – 1 बड़ा
गुड़ – 400–500 ग्राम (स्वाद अनुसार)
पानी – 2–3 कप
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
काली मिर्च पाउडर – 1 चुटकी
नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच (स्वाद संतुलन के लिए)

विधि

  1. सबसे पहले बेल को तोड़कर उसका गूदा निकाल लें. बीज अलग कर दें. एक बर्तन में गूदा और पानी डालकर 8–10 मिनट तक उबालें ताकि वह नरम हो जाए.
  2. उबले हुए गूदे को मैश करके छान लें ताकि रेशे और बीज अलग हो जाएं. अब इस गूदे में गुड़ डालकर मध्यम आंच पर पकाएं. लगातार चलाते रहें.
  3. मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक वह गाढ़ा और चिपचिपा न हो जाए (मुरब्बा जैसी कंसिस्टेंसी).
  4. आखिर में इलायची पाउडर और (चाहें तो) काली मिर्च डालें. नींबू का रस डालकर मिलाएं. ठंडा होने पर कांच की साफ बोतल में भर लें.

फायदे

  1. पाचनशक्ति मजबूत करता है.
  2. लू से बचाव में मदद करता है.
  3. पेट की गर्मी और कब्ज में राहत देता है.
  4. गुड़ होने से यह ज्यादा हेल्दी बनता है.