IPL 2026 RCB vs SRH : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का पहला मुकाबला आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. आईपीएल के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग करने का फैसला लिया है. मैच शाम 7:30 से शुरू होगा.
काली पट्टी बांधकर देंगे श्रद्धांजलि
आरसीबी फ्रेंचाइजी ने तय किया है कि टीम के सभी खिलाड़ी अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरेंगे. यह फैसला पिछले साल यानी आईपीएल 2025 की उस दुखद घटना से जुड़ा है, जिसने पूरे बेंगलुरु और क्रिकेट जगत को झकझोर कर रख दिया था. आईपीएल 2025 में जब आरसीबी ने पहला खिताब जीता था तो जश्न के लिए उसके घरेलू मैदान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी. भीड़ में अचानक भीषण भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 फैंस की मौत हो गई थी. इस हादसे ने हर किसी की आंखें नम कर दी थीं. इस हादसे के चलते सुरक्षा कारणों से चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट पर पाबंदी लगा दी गई थी, लेकिन पूरे 9 महीने बाद यहां आईपीएल के जरिए क्रिकेट की वापसी हो रही है. आरसीबी ने बांह पर काली पट्टी बांधकर उस घटना में मारे गए 11 लोगों और उनके परिवार के सदस्यों को श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया है.
किसका पलड़ा भारी?
दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक 25 मैच हुए हैं. 11 बार आरसीबी जीती, जबकि 13 बार हैदराबाद की टीम ने बाजी मारी. जिस मैदान पर ओपनिंग मैच होना है, वहां इन दोनों टीमों ने कुल 8 मैच खेले, जिनमें से 5 बार आरसीबी, जबकि 3 बार हैदराबाद टीम को जीत मिली.
RCB vs SRH मैच के लिए पिच रिपोर्ट
चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बैटिंग को मदद देती है. यहां पहले 6 ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी बहुत मदद मिलती है, बाकी फिर बल्लेबाजों की पिटाई शुरू हो जाती है. अब तक यहां खेले गए 100 में से 43 मैच पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीते, जबकि 53 मैच चेज करने वाली टीम के खाते में गए. 4 मैचों का रिजल्ट नहीं निकला.
RCB vs SRH मैच में कितना टोटल बनेगा?
चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच पर रनों की बारिश होती है. मैदान छोटा है, तो छक्के आसानी से लगते हैं. आउटफील्ड तेज है, तो गेंद गैप में गई तो चौका होता है. इस मैदान पर हैदराबाद की टीम सबसे बड़ा 287 रनों का स्कोर बना चुकी है, जो बताता है कि यहां रन खूब बनते हैं. इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 168 रन है. जिस तरह के बल्लेबाज दोनों टीमों के पास हैं, उसे देखते हुए 210 से 220 के बीच स्कोर बन सकता है.
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिलिप साल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी, सुयश शर्मा
इम्पैक्ट प्लेयर देवदत्त पडिक्कल, जैकब बेथेल, रसिख सलाम डार, कनिष्क चौहान, वेंकटेश अय्यर
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा
इम्पैक्ट प्लेयर शिवांग कुमार, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड पायने, स्मरण रविचंद्रन, साकिब हुसैन

