विकास कुमार, सहरसा। जिले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डीआरडीए डायरेक्टर वैभव कुमार के ठिकानों पर आज मंगलवार (31 मार्च) को छापेमारी की है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई है। बताया जा रहा है कि सहरसा के सराही मोड़ के पास स्थित उनके आवास पर सुबह करीब 8 बजे से छापेमारी शुरू हुई, जो लगभग सात घंटे तक चली।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

छापेमारी के दौरान ईओयू के अधिकारियों ने घर के अंदर मौजूद दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की बारीकी से जांच की। बता दें कि आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने सहरसा के अलावा पटना और मुजफ्फरपुर समेत कुल छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी।

जमीन के कागजात और जेवरात बरामद

फिलहाल वैभव कुमार सहरसा में डीआरडीए डायरेक्टर के पद पर पदस्थापित हैं। छापेमारी के दौरान टीम को कई जमीन के कागजात और करीब पांच लाख रुपये के जेवरात भी बरामद हुए हैं। आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने जमीन के कागजात और जेवरात को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि, कोर्ट से वारंट मिलने के बाद आय से अधिक संपत्ति के मामले में यह छापेमारी की गई है।

किशनगंज में एसडीपीओ के 6 ठिकानों पर रेड

बता दें कि सहरसा के अलावा ईओयू की टीम ने किशनगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार के आवास पर भी छापेमारी की है। जांच में गौतम कुमार के खिलाफ लगभग 1 करोड़ 94 लाख रुपये की अतिरिक्त संपत्ति पाई गई है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 60 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। फिलहाल टीम एसडीपीओ गौतम कुमार के आवास समेत कुल 6 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।पुलिस बल की मौजूदगी में किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

ये भी पढ़ें- बगहा: संजीवनी हेल्थ केयर में ऑपरेशन के दौरान प्रसूता की मौत, डॉक्टरों पर जहर देने का आरोप, नवजात शिशु को लेकर फरार हुए ससुराल वाले