कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर रेलवे स्टेशन के बाहर एक महिला पर नशेड़ी युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। मौके से गुजर रहे कांग्रेस विधायक डॉ सतीश सिकरवार ने बमुश्किल महिला को बचाया। नशेड़ी युवक ने विधायक सिकरवार पर भी जानलेवा हमला करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद उनके PSO ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद MLA ने नशेड़ी युवक को पुलिस के हवाले किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, यह घटना गुरुवार रात की है, जब ग्वालियर पूर्व विधानसभा से कांग्रेस विधायक डॉ सतीश सिकरवार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 के बाहर से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे भीड़ और भीड़ के बीच मौजूद महिला पर हो रहे जानलेवा हमले पर पड़ी। जिसे देख उन्होंने तत्काल अपनी गाड़ी को रुकवाया और महिला को बचाने के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक नशेड़ी युवक महिला के पेट में लोहे के नुकीले सूजे से कई हमले कर चुका था।

ये भी पढ़ें: पहली पत्नी ने दूसरी पत्नी पर किया हमला: महिला के हाथ में लगे 10 टांके, एक साल पहले सहमति से हुई थी शादी, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

विधायक ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया असप्ताल

विधायक सिकरवार ने नशेड़ी युवक को पीछे से पकड़ा। लेकिन नशे में धुत युवक ने विधायक सिकरवार पर ही जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। ऐसे में मौके पर मौजूद उनके PSO और अन्य लोगों ने युवक को पकड़ उसके हाथ से सूजा छीना। विधायक सिकरवार ने अपनी गाड़ी से महिला को अस्पताल पहुंचाया और नशेड़ी युवक को पुलिस के हवाले किया। पुलिस पूछताछ में जो जानकारी सामने आई है उसमें महिला और युवक के बीच आपसी विवाद बताया गया है जो कि नशे की हालत में हुआ था।

महिला ने युवक को जड़ा था थप्पड़, दोनों नशे में थे धुत

टेकनपुर की रहने वाली काजल नाम की महिला प्लेटफार्म पर भीख मांग कर अपना जीवन यापन करती है। घटना के समय महिला और आरोपी युवक दोनों ने ही शराब पी थी। शराब के नशे में ही महिला ने सचिन सोनी नाम के युवक को थप्पड़ मारा था, जिसके बाद युवक ने भी पलटवार करते हुए महिला को थप्पड़ मार दिया और सूजे से महिला पर जानलेवा हमला भी कर दिया। हालांकि मामले की कोई भी शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई है।

ये भी पढ़ें: शराब के लिए उजाड़ दिया सुहाग: पति ने दोस्तों के साथ मिलकर किया खौफनाक कांड, सिलाई मशीन की रस्सी से पत्नी का गला घोंटा और फिर…

कांग्रेस विधायक ने पुलिस पर लगाए ये आरोप

वहीं कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार का आरोप है कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार के आसपास कई तरह की अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही है, जिसके चलते यात्रियों के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह सब पुलिस की सांठगांठ के साथ ही हो रहा है। ऐसे में उन्होंने जल्द ग्वालियर एसपी से इस मामले की शिकायत करने की बात कही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m