Rajasthan News: राजस्थान के कोटा जिले से शनिवार को दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। उद्योग नगर थाना इलाके के DCM रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो असंतुलित होकर पास के ही एक गहरे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया और मासूम बच्चों की चीखें सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

राहगीरों ने नाले से एक-एक कर निकाले बच्चे

दरअसल, ऑटो चालक साजिद रोज की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों ने बताया कि साजिद जब तक ऑटो को संभाल पाता, वह बच्चों समेत गंदे नाले में समा चुका था। सूत्रों ने बताया कि मौके पर मौजूद राहगीरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर नाले में छलांग लगाई और एक-एक कर सभी 5 बच्चों और ड्राइवर को बाहर निकाला।

ड्राइवर साजिद और 2 बच्चों की हालत नाजुक

गौरतलब है कि इस हादसे में ऑटो सवार सभी 5 बच्चे चोटिल हुए हैं। पुलिस एएसआई आरिफ हुसैन के अनुसार दो बच्चों को शरीर पर गहरी चोटें आई हैं। ऑटो चालक साजिद के सिर पर गंभीर चोट लगी है, उसे तुरंत एमबीएस अस्पताल (MBS Hospital) ले जाया गया है, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

मदद के बजाय कार लेकर फरार हुआ आरोपी

बता दें कि इस पूरे हादसे में कार ड्राइवर की बड़ी लापरवाही और संवेदनहीनता सामने आई है। टक्कर मारने के बाद वह बच्चों को बचाने या अस्पताल पहुँचाने के बजाय अपनी कार लेकर मौके से रफूचक्कर हो गया। उद्योग नगर थाना पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि कार की पहचान की जा सके।

कोटा जैसे एजुकेशन हब में स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर यह बड़ा सवालिया निशान है। डीसीएम रोड पर हुई इस घटना के बाद अभिभावकों में भारी डर और गुस्सा है। लोग अब सड़कों पर भारी वाहनों की रफ्तार और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पढ़ें ये खबरें