विजय कुमार, जमुई। जिले के संगथू और मिसिरबीघा इलाके के बहियार में आज मंगलवार (7 अप्रैल) की दोपहर गेहूं की तैयार फसल में अचानक भीषण आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना लगभग दोपहर एक बजे की बताई जा रही है, जब खेतों में खड़ी फसल अचानक धू-धूकर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते कई किसानों की महीनों की मेहनत जलकर राख हो गई। लगभग 10 बीघा गेहूं फसल जलकर राख हो गई।

चिंगारी से आग लगने की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि तेज गर्मी या किसी चिंगारी की वजह से आग भड़की होगी। आग की सूचना मिलते ही आसपास के किसान अपने-अपने खेतों की ओर दौड़े, लेकिन तेज लपटों के कारण वे आग पर काबू नहीं पा सके और उनकी आंखों के सामने फसल जलती रही।

दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य खेतों को बचाया जा सका। यदि समय पर आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था।

किसानों का हुआ भारी नुकसान

इस अगलगी की घटना में कई किसानों को भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित किसानों में सागर महतो की करीब ढाई बीघा, रामदास महतो की 18 कट्ठा, मदन महतो की 15 कट्ठा, गणेश महतो की 10 कट्ठा, पद्दू महतो की 10 कट्ठा, सुरेश महतो की 12 कट्ठा, गरीब महतो की 12 कट्ठा, एक अन्य सुरेश महतो की 20 कट्ठा, उत्तम महतो की 10 कट्ठा तथा टरन महतो की 10 कट्ठा फसल जलकर नष्ट हो गई।

मुआवजे की मांग

घटना के बाद सभी प्रभावित किसान गहरे सदमे में हैं। किसानों ने जिला प्रशासन से घटना की जांच कराकर शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें इस नुकसान से कुछ राहत मिल सके।

ये भी पढ़ें- लोन की किश्त चुकाने में असमर्थ पति की पत्नी ने ली जान! पहले दिया जहर फिर कमरे में लगाई आग