Sports News Update: छत्तीसगढ़ के नंबर वन न्यूज़ पोर्टल Lalluram.com पर पढ़िए खेल जगत की हर बड़ी और अहम खबर. देश और प्रदेश में बीते दिन मैदान पर क्या रहा खास, किन टीमों ने जीत दर्ज की और किन खिलाड़ियों ने बटोरी सुर्खियां, साथ ही आज होने वाले मुकाबलों और खेल गतिविधियों पर एक नजर. पेश है स्पोर्ट्स की दिनभर की प्रमुख अपडेट.

IPL में आज अजेय टीमों की ‘रॉयल’ भिड़ंत…

आईपीएल का 16वां मैच शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच खेला जाएगा. यह ‘रॉयल’ टक्कर गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगी. इस सीजन दोनों ही टीमें अब तक अजेय रही हैं. राजस्थान की युवा टीम ने लगातार तीन मुकाबले जीते हैं. वहीं, डिफेंडिंग चैम्पियन आरसीबी ने लगातार दो जीत दर्ज की हैं.

भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर गोपीनाथ का निधन

भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर सीडी गोपीनाथ का 96 वर्ष की आयु में चेन्नई में निधन हो गया. वे साल 1952 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पहली टेस्ट जीत दर्ज करने वाली टीम के अंतिम जीवित सदस्य थे. एक मार्च 1930 को जन्मे गोपीनाथ ने 1951 से 1960 के बीच भारत के लिए 8 टेस्ट मैच खेले. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 83 फर्स्ट क्लास मैचों में 4259 रन बनाए थे, जिसमें 9 शतक व 23 अर्धशतक थे.

लखनऊ ने कोलकाता के मुंह से छिनी जीत

आईपीएल सीजन 19 के 15वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीमें आमने-सामने हैं. कोलकाता के ईडेन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मुकाबले में LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जिसके बाद KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 181 रन बनाए. जवाब में LSG ने मुकुल चौधरी और आयुष बडोनी की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 182 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया. पढ़ें पूरी खबर KKR vs LSG IPL 2026: लखनऊ ने कोलकाता के मुंह से छिनी जीत, रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से दी शिकस्त, मुकुल चौधरी ने खेली नाबाद 54 रन की मैच-विनिंग पारी

चैम्पियंस लीग में पीएसजी ने लिवरपूल को 2-0 से हराया

चैम्पियंस लीग फुटबॉल में डिफेंडिंग चैम्पियन पीएसजी ने इंग्लैंड के क्लब लिवरपूल को 2-0 से हराया. क्वार्टर फाइनल के पहले लेग में पीएसजी के डिजायर डोउ और खविचा क्वारातशेखलिया ने गोल किए. यह लिवरपूल की सीजन में 16वीं हार है. एक अन्य क्वार्टर फाइनल में बार्सिलोना को 10 खिलाड़ियों से खेलते हुए एटलेटिको मैड्रिड के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा.

एशियन बॉक्सिंग में भारत को रिकॉर्ड 16 मेडल

भारतीय महिला खिलाड़ियों ने एशियन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में इतिहास रचते हुए मेडल टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया है. महिला खिलाड़ियों ने कुल 10 मेडल जीते. इनमें 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं. सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि टीम की हर सदस्य ने मेडल जीता. दिन की पहली सफलता मीनाक्षी (48 किग्रा) ने दिलाई, जिन्होंने घरेलू खिलाड़ी एनख-अमगलन को 5-0 से शिकस्त दी. प्रीति (54 किग्रा) ने टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए तीन बार की वर्ल्ड चैम्पियन और ओलिंपिक मेडलिस्ट ताइवान की हुआंग सियाओ-वेन को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराकर गोल्ड जीता. प्रिया (60 किग्रा) ने उत्तर कोरिया की वोन उन-ग्योंग पर 3-0 की जीत दर्ज की. अरुंधति (70 किग्रा) ने कजाकिस्तान की बकित सीडिश को 4-1 से मात देकर भारत की झोली में चौथा गोल्ड डाला. जैस्मिन (57 किग्रा) और अल्फियान पठान (80+ किग्रा) ने कड़ी चुनौती पेश करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किए. भारत के इस चैम्पियनशिप में कुल 16 मेडल हो गए हैं, जो किसी भी देश की ओर से जीते गए सर्वाधिक मेडल हैं. अब शुक्रवार को पुरुष कैटेगरी के फाइनल होंगे.

BCB ने घरेलू महिला क्रिकेटर्स की सैलरी में 10 गुना की बढ़ोतरी

तमीम इकबाल की अगुआई वाली बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) की नई एड-हॉक कमेटी ने कार्यभार संभालते ही बड़ा कदम उठाया है. बोर्ड ने घरेलू क्रिकेट खेलने वाले पुरुष और महिला खिलाड़ियों की मैच फीस और मासिक वेतन में बढ़ोतरी की है. महिला खिलाड़ियों को टी20 के लिए 7500 रुपए, वनडे के लिए 11 हजार और फर्स्ट क्लास के लिए 15 हजार मैच फीस मिलेगी. वनडे के लिए पहले उन्हें महज 750 रुपए मिलते थे. टॉप-36 महिला क्रिकेटरों का मासिक वेतन 22 हजार से बढ़ाकर 30 हजार कर दिया गया है. पुरुष क्रिकेटरों की फर्स्ट क्लास मैच फीस 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार कर दी गई है. नया वेतन ढांचा 1 जनवरी 2026 से लागू होगा. इस बीच, बीसीबी ने देश में जारी बिजली संकट से निपटने के लिए सभी मैच दिन में कराने का फैसला किया है. अब पुरुष वनडे सुबह 11 बजे और टी20 दोपहर 2 बजे से खेले जाएंगे.

धीमी ओवर गति के लिए गिल पर लगा 12 लाख का जुर्माना

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल पर आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ धीमी ओवर गति के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. आईपीएल ने बताया कि यह गिल का इस सीजन का टीम का पहला उल्लंघन था. गुजरात ने यह मैच अंतिम गेंद पर 1 रन से जीता. इस सीजन में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर दो बार जुर्माना लग चुका है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H