दिल्ली के कपासहेड़ा इलाके में पुलिस ने एक्सपायर्ड खाद्य और कॉस्मेटिक उत्पादों के बड़े गोरखधंधे का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में खराब और एक्सपायर्ड सामान बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय अब्दुल मन्नान खान उर्फ मोनू के रूप में हुई है, जो बिजवासन का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सस्ते दामों पर एक्सपायर्ड और खराब हो चुके सामान खरीदता था और फिर उन्हें ग्राहकों को कम कीमत में बेच देता था. इससे लोगों को सस्ता सामान तो मिल जाता था, लेकिन उनकी सेहत पर गंभीर खतरा बन रहा था.

पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना

पुलिस को 8 अप्रैल को इस मामले की सूचना मिली थी, जिसके बाद एक टीम ने स्टिंग ऑपरेशन चलाया. पुलिस ने डिकॉय ग्राहक बनाकर दुकान से सामान खरीदा. जांच में यह सामान एक्सपायर्ड पाया गया, जिसके बाद दुकान पर छापा मारा गया. जिसके बाद दुकानदार को मौके से पकड़ लिया गया.

राशन सामान समेत डेयरी प्रोडक्ट्स बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस को करीब 900 किलोग्राम एक्सपायर्ड राशन जैसे मैदा, सूजी, पोहा, मसाले, पीनट बटर, बेबी फूड और कई कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स मिले हैं. इसके अलावा पुलिस ने बताया कि मौके पर करीब 2000 किलो डेयरी उत्पाद जैसे दही और पनीर भी पाए गए, जिन्हें बेहद खराब और अस्वच्छ स्थिति में रखा गया था. फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में इन सभी डेयरी उत्पादों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.

मौके पर मौजूद एक महिला ग्राहक ने भी शिकायत की कि उसने एक दिन पहले दुकान से सामान खरीदा था, जो बाद में एक्सपायर्ड निकला. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m