कुंदन कुमार/पटना। राजधानी स्थित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश कार्यालय में उस वक्त असहज स्थिति पैदा हो गई, जब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बैकग्राउंड पोस्टर से राष्ट्रीय अध्यक्ष (सह-प्रभारी) नितिन नवीन की तस्वीर गायब मिली। यह चूक उस समय सामने आई जब बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती कार्यक्रमों की जानकारी देने वाले थे।

​आनन-फानन में हटाया गया विवादित पोस्टर

​जैसे ही मीडिया और वहां मौजूद नेताओं की नजर इस बात पर पड़ी कि पोस्टर से एक कद्दावर चेहरे की तस्वीर नदारद है, कार्यालय में हड़कंप मच गया। स्थिति को भांपते हुए बीजेपी नेताओं ने बिना देरी किए उस पोस्टर को वहां से हटवा दिया। हालांकि, तब तक यह चर्चा का विषय बन चुका था।

​20 दिनों तक चलेगा अंबेडकर उत्सव

​विवादों के बीच मंत्री लखेंद्र पासवान ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती पूरे देश में भव्य स्तर पर मनाई जाएगी। बीजेपी ने इसे जन-जन का अभियान बनाने का लक्ष्य रखा है। यह आयोजन केवल एक दिन का नहीं होगा, बल्कि पूरे 20 दिनों तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

​बूथ स्तर पर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

​पार्टी की रणनीति साझा करते हुए मंत्री ने कहा कि बीजेपी इस जयंती समारोह को बूथ स्तर तक ले जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बाबा साहेब के विचारों को पहुंचाना और अधिक से अधिक जन-भागीदारी सुनिश्चित करना है।

​पटना के बापू सभागार में होगा मुख्य आयोजन

​14 अप्रैल को बीजेपी के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में उत्सव का माहौल रहेगा। इसके साथ ही, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा पटना के बापू सभागार में एक विशाल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के भी शामिल होने की प्रबल संभावना है, जो सरकार की ओर से सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।