हिसार: प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने रविवार को बरवाला अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं खरीद व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्रियों ने किसानों, व्यापारियों और मजदूरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

शिकायत पर तुरंत कार्रवाई

मंडी में किसानों और व्यापारियों ने हैफेड के एक कर्मचारी पर काम में लापरवाही बरतने और अनावश्यक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने संबंधित कर्मचारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों को परेशान करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पारदर्शी खरीद प्रक्रिया पर जोर

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं की खरीद को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि नए खरीद नियम किसानों के लिए लाभकारी हैं और स्थानीय फसल की खरीद को प्राथमिकता दी जा रही है।

लिफ्टिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश

दौरे के दौरान मंत्रियों ने गेहूं के उठान (लिफ्टिंग) कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों से फसल के उठान में तेजी लाई जाए ताकि आवक बढ़ने पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। मंत्रियों ने आश्वासन दिया कि सरकार किसानों, मजदूरों और व्यापारियों की हर सुविधा का पूरा ध्यान रख रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m