कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु आज कुरुक्षेत्र जाट धर्मशाला में आयोजित “भाईचारा स्नेह मिलन” में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कई ऐसी बातें कही, जिन पर समाज को चिंतन करने की जरूरत है।
समाज परिवारों का गुलाम नहीं
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि जाट समाज कभी राजनीतिक परिवारों का गुलाम नहीं रहा। समाज ने कभी किसी की गुलामी नहीं की। लेकिन कुछ राजनीतिक परिवारों ने समाज को गुलाम बनाने की कोशिश जरूर की। ऐसे राजनीतिक परिवारों ने हमेशा समाज के काबिल युवाओं के अरमानों का गला घोंटने का काम किया है। अपनी नालायक औलादों को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने समाज के काबिल युवाओं को पीछे धकेल दिया।

अधूरे लोगों से सावधान रहने की सलाह
उन्होंने समाज को अधूरे लोगों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि अधूरे लोगों को समाज का चौधरी बनाएंगे, तो इसका असर समाज की छवि पर पड़ेगा। समाज का नेता जैसा होता है, लोग उस समाज को भी उसी नजर से देखते हैं। उन्होंने समाज को अच्छे लोगों को आगे बढ़ाने और ऐसे लोगों को नेतृत्व देने से बचने की सलाह दी।

2016 की घटना से भावुक
कैप्टन 2016 की घटना को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उस समय कुछ षड्यंत्रकारी लोगों ने समाज के युवाओं के कंधों पर बंदूक रखकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है, समाज को इस पर जरूर चिंतन करना चाहिए।

समाज विरोधी नेता नहीं महापापी
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि लाशों पर राजनीति करने वाले कभी समाज हितैषी नहीं हो सकते। समाज को ऐसे लोगों से बचना चाहिए। जो लोग समाज के साथ षड्यंत्र करके, युवाओं के जोश का गलत इस्तेमाल करके, समाज को हिंसा के रास्ते पर ले जाने का काम करते हैं, ऐसे लोग नेता कहलाने के लायक नहीं हैं। ऐसे लोग केवल महापापी हो सकते हैं।

चक्रव्यूह की परवाह नहीं
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि कुछ लोगों ने अपने स्वार्थ के लिए उन्हें चक्रव्यूह में फंसाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें अपने चक्रव्यूह की परवाह नहीं है। चिंता इस बात की है कि ऐसे लोग पूरे समाज को चक्रव्यूह में फंसाने की निरंतर कोशिश कर रहे हैं। ऐसी ताकतें ना केवल समाज बल्कि हरियाणा के भाईचारे को भी तोड़ने का काम कर रही हैं। समाज को इनसे बचने की जरूरत है।
बिना नाम लिए साधा निशाना
कैप्टन अभिमन्यु ने बिना किसी का नाम लिए अपने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग षड्यंत्र रचते हैं, समाज कभी उनका साथ नहीं देता। समाज अब ऐसे चेहरों को पहचान चुका है और समय आने पर उन्हें इसका जवाब भी दिया जाएगा।
समाज की बताई कृपा
कैप्टन ने कहा कि समाज की उन पर हमेशा कृपा रही है। वह भी गलती होने पर समाज से माफी मांगने में कभी पीछे नहीं हटेंगे। उनका जीवन हमेशा समाज को नई दिशा देने और समाज को सर्वसमाज से जोड़ने के लिए समर्पित रहा है।
युवा पीढ़ी की उड़ान पर जताई खुशी
कैप्टन अभिमन्यु ने खुशी जताई कि आज समाज की युवा पीढ़ी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। समाज के युवा देश की नीति निर्धारण में भी अपना योगदान दे रहे हैं। युवा बिना किसी सहारे और सहयोग के अपनी काबिलियत के दम पर प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफल होकर समाज का नाम रोशन कर रहे हैं।
जाट समाज का मंच नहीं
उन्होंने कहा कि कुछ लोग आज के मंच को जाट समाज का मंच समझने की भूल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंच पर सभी समाज के लोग विराजमान हैं और मंच को 36 बिरादरी का समर्थन प्राप्त है।
कुरुक्षेत्र धर्मशाला संस्था की सराहना
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र धर्मशाला से उनका पुराना नाता रहा है। आज जहां अधिकांश संस्थाओं में छोटी-छोटी बातों पर विवाद हो रहे हैं, उन संस्थाओं को कुरुक्षेत्र धर्मशाला की संस्था से सीखने की जरूरत है, जो बड़ी सोच, व्यापक दृष्टि और वसुधैव कुटुंबकम् के ध्येय के साथ काम कर रही है।
समाज से अपील
उन्होंने समाज से आग्रह किया कि आज समाज की दशा क्या है और दिशा क्या होनी चाहिए, इस पर चिंतन करने की जरूरत है। समाज का अपना नेतृत्व अच्छे और विद्वान लोगों को देने की सलाह दी, जो समाज को सही दिशा में ले जा सकें। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया और रील का जमाना है, इसलिए सही बात को पकड़ पाना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
राजेश धनकड़ ने कहा कि कुछ लोगों ने कैप्टन अभिमन्यु को षड्यंत्र में फंसाने और चुनाव हराने का काम किया है। उसके बावजूद भी कैप्टन ने उन्हें माफ कर दिया, लेकिन अब याचिका नहीं रण होगा। उन्होंने कहा कि कैप्टन अभिमन्यु, आप आगे बढ़ो—जहां आपका पसीना गिरेगा, वहां समाज खून बहाने को तैयार है।
रविन्द्र सांगवान ने संबोधित करते हुए कहा कि कैप्टन अभिमन्यु समाज के कोहिनूर हीरा हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन अभिमन्यु के वित्त मंत्री रहते हुए बनाई गई योजनाओं ने भाजपा को हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनने की नींव का काम किया है। उन्होंने समाज से कैप्टन का साथ देने की अपील भी की।
युवा तुषार ढांडा ने कैप्टन अभिमन्यु को त्याग की प्रतिभूति बताया। उन्होंने कहा कि भले ही महाभारत का अभिमन्यु चक्रव्यूह नहीं तोड़ पाया हो, पर आज का अभिमन्यु चक्रव्यूह जरूर तोड़ेगा। उन्होंने समाज में भाईचारे को मजबूत करने एवं बुराइयों और भ्रांतियों से बचने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने कैप्टन अभिमन्यु को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

