कृष्ण कादियान, समालखा/इसराना। पानीपत पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने रविवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस सभागार में जिला के पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रबंधकों, क्राइम यूनिट प्रभारियों और चौकी इंचार्जों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था और दर्ज मुकदमों की प्रगति का जायजा लेते हुए अपराध नियंत्रण के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में एएसपी हर्षित गोयल, डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स सहित सभी क्षेत्रों के डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
समय पर जांच पूरी करने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी भी मामले की जांच अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाए। उन्होंने तय समय सीमा के भीतर जांच पूरी कर चालान न्यायालय में पेश करने के आदेश दिए। विशेषकर महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने पर जोर दिया।
शिकायतकर्ताओं के साथ करें विनम्र व्यवहार
एसपी ने पुलिसकर्मियों को हिदायत दी कि थाना या चौकी में आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ शालीनता से व्यवहार करें। उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि पुलिस कार्यालय की टीम फोन के माध्यम से पीड़ितों से फीडबैक भी ले रही है, ताकि पुलिस की कार्यप्रणाली का सही आकलन हो सके।
अपराधियों पर रखी जाए पैनी नजर
थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में प्रभावी गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि आदतन अपराधियों, भगोड़ों (पीओ) और बेल जंपरों को गिरफ्तार करने के लिए विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने मादक पदार्थ तस्करी, जुआ और अवैध शराब जैसे गैर-कानूनी कार्यों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति
पुलिस अधीक्षक ने बैठक में अनुशासन और ईमानदारी का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत मिलती है, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अंत में कहा कि पुलिस की छवि सुधारने में थाना और चौकी स्तर की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनता की सेवा करें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

