मुकुल सतीजा, करनाल। बजीदा रोड पर पुलिस की सीआईए-2 टीम और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे इन बदमाशों ने घेराबंदी देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो विदेशी हथियार और करीब 100 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घेराबंदी देख बदमाशों ने शुरू की फायरिंग


जानकारी के अनुसार, सीआईए-2 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस ने बजीदा रोड पर इन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने बाइक रोकने के बजाय पुलिस पार्टी पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल होकर गिर पड़े।

घटनास्थल से जुटाए जा रहे सबूत


मुठभेड़ की सूचना मिलते ही करनाल की डीएसपी राखी विश्वकर्मा भारी पुलिस बल और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। डीएसपी ने बताया कि घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया गया है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में बदमाशों के पास से भारी मात्रा में असला बरामद होना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है।

जांच में जुटी पुलिस की टीमें


सीआईए-2 के इंचार्ज प्रवीण कुमार ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के पास से दो इंपोर्टेड हथियार और 100 के करीब गोलियां मिलना गंभीर विषय है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये दोनों बदमाश किस गिरोह से जुड़े हैं और इनका मुख्य लक्ष्य क्या था। पुलिस टीम इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है ताकि इनके पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m