मुकुल सतीजा, करनाल। नेशनल हाईवे पर गांव पधाना के पास एक कैंटर में अचानक भीषण आग लग गई। कैंटर में टिन और केमिकल के खाली डिब्बे भरे हुए थे, जिसके कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। गनीमत रही कि इस हादसे में कैंटर चालक पूरी तरह सुरक्षित है।
आसमान में दिखा धुएं का गुबार
मिली जानकारी के अनुसार, यह कैंटर करनाल से चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही कैंटर पधाना के नजदीक पहुंचा, उसमें अचानक आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में काले धुएं का गुबार दूर से ही देखा जा सकता था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
आगजनी की इस घटना के कारण नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक को डायवर्ट किया ताकि अन्य वाहन सुरक्षित निकल सकें। आग बुझने और कैंटर को साइड में हटाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
कैंटर में आग किन कारणों से लगी, इसका अभी तक सटीक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। कैंटर में भरा हुआ अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया है।

