कैथल। जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसका एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला गांव दुब्बल और कुराड़ के बीच का है।
कौल माइनर पुल के पास हादसा
गांव कुराड़ निवासी सतीश कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे उसका चचेरा भाई बिंद्र और सोनू बाइक पर सवार होकर दुब्बल रोड की ओर जा रहे थे। जब वे कौल माइनर पुल के पास पहुंचे, तो एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तुरंत कैथल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि बिंद्र का इलाज अस्पताल में चल रहा है। परिजनों ने आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
कलायत थाना के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले में कार्रवाई की जा रही है।

