पानीपत के जाटल रोड जैसे व्यस्त और प्रमुख इलाके में एक संदिग्ध सोलर-पावर्ड CCTV कैमरा मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में अचानक जासूसी उपकरण जैसी दिखने वाली डिवाइस मिलने पर दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
प्रवीण भारद्वाज , पानीपत। पानीपत के जाटल रोड जैसे व्यस्त और प्रमुख इलाके में एक संदिग्ध सोलर-पावर्ड CCTV कैमरा मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में अचानक जासूसी उपकरण जैसी दिखने वाली डिवाइस मिलने पर दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और मौके पर पुलिस बल के साथ तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भेजी गई। जांच के बाद इंजीनियरों की मदद से कैमरे को हटाकर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
जासूसी का अंदेशा
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि कैमरा जिस तरीके से लगाया गया था, वह किसी सुनियोजित निगरानी या जासूसी की ओर इशारा करता है। शुरुआत में कुछ लोगों ने इसे सरकारी कैमरा समझ लिया था, लेकिन बाद में स्थिति संदिग्ध पाई गई।
कैमरे का इन जिलों से जुड़े होने की आशंका
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि यह कैमरा पहले से अंबाला, सोनीपत, दिल्ली और गाजियाबाद जैसे स्थानों पर रेलवे ट्रैक और अन्य संवेदनशील इलाकों में मिले संदिग्ध कैमरों से जुड़ा हो सकता है। पानीपत में जिस जगह यह कैमरा लगाया गया था, वहां से रिफाइनरी और एनएफएल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की आवाजाही पर नजर रखी जा सकती थी।
स्थानीय टैक्सी चालक के अनुसार, यह कैमरा पिछले चार-पांच महीनों से लगा हुआ था, लेकिन किसी को इसके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कैमरा किसने और किस उद्देश्य से लगाया।
सोनीपत स्टेशन में 11 महीने पहले भी मिला था संदिग्ध कैमरा
इससे पहले भी सोनीपत रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध कैमरा मिलने और करीब 11 महीने पहले पानीपत से एक संदिग्ध व्यक्ति की गिरफ्तारी जैसी घटनाओं के चलते सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह किसी बड़ी साजिश या निगरानी नेटवर्क का हिस्सा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

