गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-51 के पास बसी झुग्गियों में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें और काले धुएं का गुबार काफी दूर से देखा जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं।

राहत और बचाव कार्य जारी

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को संभाल रही हैं। दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दमकल अधिकारियों का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और इसे फैलने से रोकने की है।

किसी जनहानि की सूचना नहीं

राहत की बात यह है कि इस अग्निकांड में अभी तक किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। झुग्गियों में रहने वाले अधिकांश लोग समय रहते बाहर निकल आए थे। फिलहाल मौके पर बचाव कार्य जारी है और जल्द ही स्थिति पर नियंत्रण पा लेने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा।